कार्तिक पूर्णिमा पर रामरेखा घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हजारों ने लगाई गंगा में आस्था की डुबकी
उत्तर वाहिनी गंगा में स्नान के लिए यूपी समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु, पूजा-पाठ और दान-पुण्य के साथ घाट पर सजा मेला; भीड़ को लेकर प्रशासन ने संभाली व्यवस्था, स्टेशन रोड पर रुक-रुककर लगा जाम

न्यूज़ विज़न। बक्सर
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को बक्सर के गंगा घाटों पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर के रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट, सती घाट, गोला घाट, सिद्धनाथ घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर गंगा स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सबसे अधिक भीड़ रामरेखा घाट पर देखने को मिली, जहां अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। दिन चढ़ने के साथ ही गंगा स्नान करने वालों की संख्या लगातार बढ़ती गई और देखते ही देखते घाट श्रद्धालुओं से भर गया। रामरेखा घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।
उत्तर वाहिनी गंगा के महत्व को लेकर बक्सर के गंगा घाटों पर स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग स्नान करने पहुंचे। सोमवार की देर रात से ही ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालुओं का बक्सर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। रामरेखा घाट स्थित विवाह मंडप में रात्रि विश्राम करने के बाद श्रद्धालुओं ने मंगलवार की अहले सुबह कार्तिक पूर्णिमा का पवित्र स्नान किया और मां गंगा की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।रामरेखा घाट की ओर जाने वाली वीर कुंवर सिंह चौक की सड़क सुबह होते-होते श्रद्धालुओं की भीड़ से पट गई। घाट पर स्थिति ऐसी रही कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद घाट पर सत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण किया। वहीं गरीबों और असहायों के बीच दान-पुण्य कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
पंडित विद्याधर मिश्र ने कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दिन पवित्र नदी में स्नान, पूजा-पाठ और दान करने की विशेष महत्ता है। धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी में स्नान करने से मनुष्य के पापों का क्षय होता है तथा जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की वृद्धि होती है। इसी धार्मिक आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए घाटों पर पहुंचते हैं।
घाटों और पहुंचपथ पर मेले जैसा माहौल
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रामरेखा घाट और उसके पहुंचपथ पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। सड़क के दोनों किनारों और फुटपाथों पर पूजा सामग्री, फूल-माला, खिलौने, जलेबी, चाट, समोसा और श्रृंगार प्रसाधन समेत विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी थीं। गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने दुकानों पर खरीदारी की। महिलाओं ने पूजा के लिए फूल-माला एवं अन्य सामग्री के साथ श्रृंगार प्रसाधन खरीदे, वहीं बच्चों के लिए खिलौनों की खरीदारी भी खूब हुई। घाट परिसर में धार्मिक आस्था के साथ बाजार की रौनक भी देखने को मिली।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वीर कुंवर सिंह चौक से रामरेखा घाट की ओर जाने वाली सड़क पर बड़े और छोटे वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में परेशानी न हो। रामरेखा घाट पर महिला और पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मी लगातार मुस्तैद रहे।
हालांकि शहर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव के कारण स्टेशन रोड पर रुक-रुककर जाम की स्थिति बनती रही। जाम के चलते वाहन चालकों, राहगीरों और श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ज्योति चौक और अंबेडकर चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस को यातायात सामान्य कराने और सड़क खाली करवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देर शाम तक रामरेखा घाट सहित अन्य गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पूरे दिन बक्सर के गंगा घाट श्रद्धा, भक्ति, धार्मिक अनुष्ठान और मेले की रौनक से गुलजार रहे।




