डुमरांव अंचल कार्यालय के निरीक्षण में 129 दाखिल-खारिज और 70 भूमि मापी के मामले लंबित, शीघ्र निपटारे का निर्देश
अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने राजस्व कार्यों की समीक्षा कर लंबित मामलों को समय-सीमा में निष्पादित करने पर दिया जोर, कार्यालय पहुंचे फरियादियों की भी सुनी समस्याएं

न्यूज विज़न। बक्सर
शनिवार, 21 नवंबर को अपर समाहर्ता बक्सर अरुण कुमार सिंह ने डुमरांव अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान परिमार्जन, एलपीसी, भूमि मापी, भू-अतिक्रमण, अभियान बसेरा-2, बेदखली, राजस्व महा अभियान, दाखिल-खारिज, विभागीय भूमि पंजी, सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी एवं सहयोग पोर्टल सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। उन्होंने अंचल अधिकारी को पुराने लंबित मामलों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान दाखिल-खारिज के 35 दिनों से अधिक लंबित 129 मामले, 75 दिनों से अधिक लंबित 89 मामले तथा भूमि मापी के कुल 70 मामले सामने आए। अपर समाहर्ता ने इन मामलों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप त्वरित निष्पादन कर लंबित मामलों की संख्या शून्य करने का निर्देश दिया। दाखिल-खारिज में आपत्ति के कारणों को संबंधित अभ्युक्ति कॉलम में स्पष्ट रूप से दर्ज करने पर भी जोर दिया गया।
परिमार्जन मामलों में पारित आदेश अस्पष्ट पाए जाने पर स्पष्ट एवं तर्कसंगत *Speaking Order* जारी करने का निर्देश दिया, ताकि आवेदकों को आदेश और उसके आधार की समुचित जानकारी मिल सके। अभियान बसेरा-2 के तहत 15 अगस्त 2026 तक सर्वेक्षित परिवारों को पर्चा वितरित किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं, लंबित भूमि आवंटन के मामलों में विकास मित्र के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में जांच कर शीघ्र नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने कार्यालय पहुंचे सच्चिदानन्द सिंह (कोपवां), तेतरी देवी (उड़ियानगंज) एवं रीता देवी (गोपालडेरा) की समस्याएं भी सुनीं। इनके द्वारा दाखिल-खारिज एवं भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें रखी गईं। उन्होंने अंचल अधिकारी को समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।
अंत में 29 मई 2026 के पूर्व निरीक्षण में दिए गए निर्देशों की अनुपालन समीक्षा कर शेष कार्य पूरा करने एवं अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।




