OTHERS

बेलाउर खेल मैदान में रविवार को होगा खेल महोत्सव, जिलेभर के सैकड़ों खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

800, 400 और 100 मीटर दौड़ समेत लंबी कूद, ऊंची कूद व गोला फेंक प्रतियोगिता का होगा आयोजन; विजेता प्रतिभागियों को किया जाएगा पुरस्कृत

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सदर प्रखंड के बेलाउर गांव स्थित खेल मैदान में रविवार, 22 नवंबर को बेलाउर खेल समिति के तत्वावधान में भव्य खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों लड़के एवं लड़कियों के शामिल होने की उम्मीद है। खेल महोत्सव को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करना और युवाओं में खेल के प्रति उत्साह एवं प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।

 

खेल महोत्सव के आयोजक एवं समाजसेवी बृजेश कुमार खरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए कई खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 800 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद और ऊंची कूद सहित अन्य खेल प्रतियोगिताएं शामिल हैं। सभी स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि खेल महोत्सव के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही युवाओं को खेलकूद के प्रति प्रेरित करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बक्सर जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी उपस्थित रहेंगी। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में बक्सर नगर परिषद उपसभापति प्रतिनिधि सुनील कुमार मिश्रा, जिला परिषद सदस्य पूजा कुमारी, वीणा मानवी, पिंटू कुमार सिंह, कृष्णावती देवी, कुमार रविंद्र एवं रमेश कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि इस खेल महोत्सव में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button