OTHERS

बक्सर गोलंबर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का भव्य स्वागत, मंगला भवानी मंदिर में की पूजा-अर्चना

बक्सर को पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने की उठी मांग, रामायणकालीन धरोहरों और धार्मिक स्थलों के विकास पर कराया ध्यान आकर्षित

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के बक्सर आगमन पर बक्सर गोलंबर के समीप ब्रह्मर्षि समाज सह वामन ग्लोबल फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय की ओर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों और समाज के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत करते हुए बक्सर की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्ता से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

 

स्वागत कार्यक्रम के पश्चात डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को उत्तर प्रदेश के उजियार स्थित प्रसिद्ध मां मंगला भवानी मंदिर लेकर पहुंचे। वहां उन्होंने मां मंगला भवानी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। साथ ही मंदिर परिसर में आयोजित विशेष आरती में भी शामिल हुए। इस दौरान धार्मिक वातावरण में श्रद्धालुओं ने मां के जयकारे लगाए और अतिथियों का स्वागत किया।

 

मंदिर दर्शन के दौरान ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय उर्फ कल्लू राय ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से बक्सर को पर्यटन के क्षेत्र में और अधिक विकसित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि बक्सर ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जिला है। यहां की प्राचीन परंपराएं, धार्मिक स्थल और ऐतिहासिक विरासत पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं रखती हैं। यदि इन स्थलों के विकास, बेहतर सुविधाओं, आधारभूत संरचना और प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए, तो बक्सर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित हो सकता है।

इस मौके पर प्रेम प्रकाश राय एवं प्रिंस राय ने भी बिहार विधानसभा अध्यक्ष का ध्यान बक्सर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत की ओर आकर्षित कराया। उन्होंने कहा कि बक्सर प्रभु श्रीराम की कर्मभूमि, महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि तथा माता अहिल्या के उद्धार स्थल के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। रामायणकालीन प्रसंगों से जुड़ी इस भूमि पर देशभर के श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आकर्षित करने की व्यापक क्षमता है।

उन्होंने कहा कि बक्सर के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित कर पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाए, तो इससे न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। इस दौरान बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के समक्ष बक्सर की ऐतिहासिक विरासत एवं पर्यटन विकास से संबंधित विषयों को प्रमुखता से रखा गया, ताकि बक्सर को धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में सार्थक पहल हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button