नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ सूर्योपासना का महापर्व छठ, गंगा घाटों पर उमड़ी व्रतियों की भीड़
कद्दू-भात और चने की दाल का प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों ने शुरू किया चार दिवसीय अनुष्ठान, बाजारों में 60 से 80 रुपये पीस बिका कद्दू; आज खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला उपवास

न्यूज़ विज़न। बक्सर
लोक आस्था, पवित्रता और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण माहौल में शुरू हो गया। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर व्रतियों ने गंगा स्नान कर भगवान सूर्य की आराधना की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कद्दू-भात तथा चने की दाल का प्रसाद ग्रहण किया। पर्व के पहले दिन शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं और व्रतियों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
नहाय-खाय के अवसर पर घरों में विशेष साफ-सफाई और पवित्रता का ध्यान रखा गया। व्रतियों ने स्नान के बाद शुद्ध घी में कद्दू और चने की दाल की सब्जी के साथ भात का प्रसाद तैयार किया। इस प्रसाद को बनाने में सामान्य नमक के स्थान पर सेंधा नमक का इस्तेमाल किया गया। छठ महापर्व में नहाय-खाय के प्रसाद का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन की एक खास परंपरा यह भी है कि जिन परिवारों में छठ पूजा नहीं होती, उन्हें भी प्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया जाता है। शहर में इस परंपरा का पालन करते हुए लोगों ने एक-दूसरे को प्रसाद के लिए आमंत्रित किया। इससे पूरे दिन उत्सवी और भक्तिमय माहौल बना रहा।
बाजारों में कद्दू की खूब हुई बिक्री
नहाय-खाय को लेकर शुक्रवार को बाजारों में कद्दू की मांग सबसे अधिक रही। महात्मा गांधी बड़ा बाजार, मुनीम चौक, सत्यदेवगंज सब्जी मंडी, स्टेशन रोड और किला मैदान के आसपास की दुकानों पर कद्दू की जमकर बिक्री हुई। बाजार में कद्दू 60 से 80 रुपये प्रति पीस तक बिका। पर्व की आस्था के आगे कीमतों की परवाह किए बिना लोगों ने जमकर खरीदारी की।
आज खरना, 36 घंटे का निर्जला उपवास होगा शुरू
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना का अनुष्ठान किया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखेंगे और शाम को मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से रोटी और खीर का विशेष प्रसाद तैयार करेंगे। भगवान सूर्य को भोग अर्पित करने के बाद व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही उनका कठिन 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा, जो उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद संपन्न होगा।




