खेलते-खेलते तालाब में डूबा 10 वर्षीय मासूम, दर्दनाक मौत से गांव में पसरा मातम
कनझरुआं पंचायत सरकार भवन परिसर में हाल ही में खोदे गए तालाब में हुआ हादसा, काफी मशक्कत के बाद मिट्टी में धंसे बच्चे का शव निकाला गया; दो भाइयों में सबसे छोटा था ऋतिक

न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के कोरान सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत कनझरुआं गांव में गुरुवार की दोपहर एक हृदयविदारक हादसे में 10 वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। जिस बच्चे की किलकारियों से घर-आंगन में खुशियां गूंजती थीं, उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान कनझरुआं पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी शशि शेखर सिंह उर्फ राजू यादव के पुत्र ऋतिक कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की दोपहर ऋतिक गांव के पूरब स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में खेल रहा था। इसी परिसर में हाल ही में तालाब की खुदाई कराई गई थी। खेलते-खेलते वह तालाब के किनारे पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
ऋतिक को पानी में डूबता देख आसपास खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए तालाब में उतरकर उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद तालाब के अंदर मिट्टी में धंसे ऋतिक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों की चीख-पुकार से घटनास्थल का माहौल गमगीन हो गया। बताया जाता है कि ऋतिक दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई भी मानसिक रूप से कमजोर है। ऐसे में इस हादसे ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर कोरान सराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उधर, इस घटना के बाद कनझरुआं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक मासूम की हंसी गूंजती थी, वहां अब सिर्फ अपनों को खोने का दर्द और गम है।




