छठ व्रतियों की सेवा में आगे आया साबित खिदमत फाउंडेशन, दौरा-सूप और फलों का किया वितरण
डॉ. दिलशाद आलम के नेतृत्व में दो से तीन दिनों तक चलेगा सेवा अभियान, 11 वर्षों से नाथ बाबा स्थान पर लगाया जा रहा विशेष चिकित्सा शिविर

न्यूज़ विज़न। बक्सर
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सामाजिक सेवा की भावना के साथ साबित खिदमत फाउंडेशन एवं अस्पताल की ओर से विशेष सेवा अभियान शुरू किया गया है। संस्था के प्रांगण में निदेशक डॉ. दिलशाद आलम के नेतृत्व में छठ व्रतियों के बीच दौरा, सूप एवं विभिन्न प्रकार के फलों का वितरण किया गया। संस्था की ओर से यह अभियान लगातार दो से तीन दिनों तक चलाया जाएगा, ताकि क्षेत्र के किसी भी छठ व्रती को पूजा की आवश्यक सामग्री के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर संस्था के निदेशक एवं मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय, बिहार के मुख्य सचिव डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा, पवित्रता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर छठ व्रतियों की सेवा करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। इसी भावना के साथ संस्था की ओर से दौरा, सूप और विभिन्न प्रकार के फलों की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में साबित खिदमत फाउंडेशन के सदस्य, अस्पताल के कर्मचारी एवं मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के सदस्य सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएंगे। पूरे इलाके में जहां भी किसी छठ व्रती को पूजा सामग्री अथवा अन्य आवश्यक वस्तुओं की जरूरत होगी, संस्था की टीम वहां पहुंचकर यथासंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
डॉ. आलम ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी नाथ बाबा स्थान पर विशेष सेवा एवं चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। यहां छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की चोट, दुर्घटना अथवा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा यह सेवा कार्य लगातार 11 वर्षों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया जा रहा है।
वितरण अभियान के दौरान रीता, टिंकी, सुनीता, मंजू, संध्या, ज्योति एवं श्री भगवान सहित अन्य लोगों को पूजा सामग्री एवं फल प्रदान किए गए। इस पुनीत कार्य में कई दानदाताओं एवं सहयोगियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। मौके पर इस खान गौरव, कुसुम, तरन्नुम, नसीम, राहुल कुमार, लक्ष्मीना, अकबर, आबिदा, सोनम, अरुण कुमार, अरुण कुमार सिंह सहित फाउंडेशन एवं मानवाधिकार टीम के कई सदस्य मौजूद रहे। अंत में डॉ. दिलशाद आलम एवं डॉ. मनीष ने समस्त क्षेत्रवासियों और छठ व्रतियों को महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए भगवान सूर्य एवं छठी मैया से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।




