OTHERS

नो-एंट्री नियम तोड़ने वाले 51 ट्रकों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 4.01 लाख रुपये का जुर्माना

डीएवी मोड़ के नए बाईपास पर विशेष जांच अभियान चलाकर काटे गए चालान, शहर की सड़कों पर दिनभर लगा रहा जाम; बाईपास, जेल पइन और स्टेशन रोड पर रेंगते रहे वाहन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन पर अंकुश लगाने के लिए जिला परिवहन कार्यालय की प्रवर्तन टीम ने गुरुवार को विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान निर्धारित नो-एंट्री अवधि समाप्त होने के बाद भी नियमों का उल्लंघन कर डीएवी मोड़ स्थित नए बाईपास मार्ग पर परिचालन कर रहे भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 51 ट्रकों का चालान काटा गया और उनसे 4 लाख 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

 

जिला परिवहन कार्यालय की इस कार्रवाई से भारी वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप मच गया। प्रवर्तन टीम ने सड़क पर परिचालित ट्रकों की जांच करते हुए नो-एंट्री से संबंधित नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई की। विभाग का उद्देश्य शहर के अंदर भारी वाहनों के अनावश्यक दबाव को कम करना और आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाना है।

 

शहर की प्रमुख सड़कों पर दिनभर बनी रही जाम की स्थिति

एक तरफ परिवहन विभाग की ओर से भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी, वहीं दूसरी तरफ शहर की यातायात व्यवस्था दिनभर प्रभावित रही। सुबह से ही बाईपास रोड, जेल पइन रोड और स्टेशन रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति गंभीर हो गई। जाम के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लगा। स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और जरूरी काम से घरों से निकले नागरिकों को भी यातायात दबाव के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

शहर में भारी वाहनों के परिचालन और बढ़ते यातायात दबाव के बीच जाम की समस्या एक बार फिर गंभीर रूप से सामने आई। स्थानीय लोगों का मानना है कि केवल चालान काटने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है, बल्कि यातायात नियमों का प्रभावी पालन और सड़कों पर बेहतर प्रबंधन भी जरूरी है।

नियम तोड़ने वालों पर आगे भी होगी कार्रवाई

जिला परिवहन पदाधिकारी प्रशांत रमनिया ने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों को निर्धारित नो-एंट्री नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से सघन जांच अभियान चलाया जाएगा और दोषी वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि परिवहन विभाग की इस सख्ती से शहर की यातायात व्यवस्था में कितना सुधार आता है और आम लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से कब तक राहत मिल पाती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button