CRIME

शादी की तैयारियों के बीच घर में पसरा मातम, करंट लगने से इकलौते बेटे की मौत

पेड़ की टहनी गिरने से टूटा था घर का सर्विस तार, जोड़ने के दौरान हुआ हादसा; 22 नवंबर को तय थी लक्की की शादी, परिवार में मचा कोहराम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
नगर थाना क्षेत्र के श्वेत नगर वार्ड संख्या-7 में बुधवार को बिजली के करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्की कुमार (25), पिता मदन सिंह के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता की दो बेटियों के बीच इकलौता बेटा था। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अचानक मातम पसर गया। युवक की मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, पेड़ की एक टहनी गिरने के कारण बिजली के पोल से घर तक आने वाला सर्विस तार टूट गया था। बताया जा रहा है कि लक्की टूटे हुए बिजली के तार को जोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया और जमीन पर गिर पड़ा। घटना के वक्त काफी देर तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। बाद में स्थानीय लोगों ने उसे जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद आनन-फानन में उसे बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

लक्की की मौत की खबर मिलते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। परिजनों के अनुसार, लक्की को बिजली से संबंधित काम की जानकारी थी और वह बिजली के काम करना जानता था। इसके बावजूद अचानक वह किस परिस्थिति में करंट की चपेट में आ गया, इसे किसी ने प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा।

22 नवंबर को तय थी शादी की तारीख

इस हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बताया जा रहा है कि लक्की की शादी के लिए आगामी 22 नवंबर की तारीख तय की गई थी। हालांकि, किसी कारणवश घटना से पहले ही इस तारीख को रद्द कर आगे की तिथि निर्धारित करने की तैयारी चल रही थी। घर में शादी को लेकर बातचीत और तैयारियों का माहौल था, लेकिन इस अप्रत्याशित हादसे ने परिवार के सारे सपनों को उजाड़ दिया।

बताया गया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। वहीं, अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही उसे लेकर घर चले गए। घटना के बाद श्वेत नगर इलाके में शोक का माहौल है। एक परिवार ने अपना इकलौता बेटा खो दिया, वहीं उसकी शादी को लेकर देखे जा रहे सपने भी अधूरे रह गए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button