चौसा में इंटर के छात्र को घेरकर मारी गोली, पल्सर सवार दो हमलावर फरार
गर्ल्स हाई स्कूल के समीप हुई वारदात, 17 वर्षीय छात्र के बाएं हाथ की हथेली में लगी गोली; गांव के कुछ युवकों से पिछले चार-पांच दिनों से चल रहा था विवाद, पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच

न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा में सोमवार की शाम अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए इंटर के एक छात्र को घेरकर गोली मार दी। गर्ल्स हाई स्कूल के समीप पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों ने छात्र पर फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोली लगने से छात्र गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जख्मी छात्र की पहचान नरबतपुर गांव निवासी राधेश्याम चौधरी के 17 वर्षीय पुत्र मोहित चौधरी के रूप में हुई है। मोहित चौसा स्थित प्लस टू आदर्श विद्यालय में 12वीं कक्षा का छात्र है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम वह अपनी बाइक से महादेव घाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान गर्ल्स हाई स्कूल के समीप पल्सर सवार दो युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया। इसके बाद किसी बात को लेकर तीनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी बीच पल्सर सवार एक युवक ने कमर से पिस्तौल निकालकर मोहित पर गोली चला दी। गोली उसके बाएं हाथ की हथेली में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा।
गोलीबारी के बाद दोनों हमलावर अपनी पल्सर बाइक से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल छात्र को तत्काल चौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय संबंधित थाने की पुलिस टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल मोहित से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। वहीं, अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से गांव के ही कुछ लड़कों के साथ मोहित का किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज भी हुई थी।
पुलिस इस पुराने विवाद को भी गोलीबारी की घटना से जोड़कर जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। दिनदहाड़े छात्र को गोली मारे जाने की घटना से चौसा इलाके में दहशत का माहौल है।




