दीपावली पर कनक सोलर एनर्जी की अनूठी पहल, मेधावी छात्रा भव्या कुमारी चौबे को उपहार में मिली स्टडी टेबल और कुर्सी
स्कूल में सोलर एनर्जी के प्रति जागरूकता फैलाकर आधा दर्जन लोगों को सोलर पैनल लगवाने के लिए किया प्रेरित, पढ़ाई के प्रति लगन देख प्रोपराइटर राजन कुमार तिवारी ने दिया प्रोत्साहन का उपहार

न्यूज़ विज़न। बक्सर
दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और दूसरों के जीवन में रोशनी लाने का संदेश देता है। इसी भावना को सार्थक करते हुए कनक सोलर एनर्जी के प्रोपराइटर राजन कुमार तिवारी ने एक सराहनीय पहल की। दीपावली के शुभ अवसर पर कनक सोलर एनर्जी के कार्यालय में वुड स्टॉक स्कूल के क्लास-2 की मेधावी छात्रा भव्या कुमारी चौबे को पढ़ाई के लिए स्टडी टेबल एवं कुर्सी उपहार स्वरूप भेंट की गई। इस उपहार को पाकर छात्रा काफी खुश नजर आई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कनक सोलर एनर्जी के प्रोपराइटर राजन कुमार तिवारी ने बताया कि भव्या कुमारी चौबे पढ़ाई में काफी मेधावी होने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी सराहनीय प्रयास कर रही है। छोटी सी उम्र में ही उसने अपने स्कूल में शिक्षकों एवं सहपाठी बच्चों के बीच सोलर एनर्जी के फायदे और उसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी साझा की। उसके इस प्रयास से प्रभावित होकर लगभग आधा दर्जन लोगों ने अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल भी लगवाए।
राजन तिवारी ने बताया कि बच्ची की इस पहल और उसकी प्रतिभा को देखकर उन्हें काफी खुशी हुई। इसी दौरान उन्होंने भव्य से बातचीत करते हुए पूछा कि उसे पढ़ाई के लिए किस चीज की आवश्यकता है। इस पर भव्या ने बताया कि यदि उसे पढ़ने के लिए एक स्टडी टेबल मिल जाए तो वह और भी बेहतर तरीके से पढ़ाई कर सकती है। बच्ची की इस छोटी सी इच्छा और पढ़ाई के प्रति लगन को देखते हुए उन्होंने दीपावली के अवसर पर उसे स्टडी टेबल एवं कुर्सी देने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है। यदि छोटी उम्र से ही बच्चों को अच्छे कार्यों के लिए सम्मान और प्रोत्साहन मिले तो वे भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित होते हैं। साथ ही सौर ऊर्जा जैसे स्वच्छ एवं पर्यावरण हितैषी विकल्पों के प्रति बच्चों की जागरूकता भी समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। इस अवसर पर भव्या के पिता एवं दादाजी के साथ कनक सोलर एनर्जी से जुड़े सदस्य तथा सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने राजन कुमार तिवारी की इस पहल की सराहना करते हुए बच्ची के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दीपावली के अवसर पर दिया गया यह उपहार केवल एक स्टडी टेबल और कुर्सी नहीं, बल्कि एक बच्ची के सपनों, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को आगे बढ़ाने की प्रेरणादायक पहल बन गया।




