युवा कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव में बक्सर का बढ़ा कद, अनुराग राज त्रिवेदी बने प्रदेश महासचिव
पहली बार बक्सर से किसी युवा नेता ने प्रदेश महासचिव पद पर दर्ज की जीत, दिलीप यादव बने जिला अध्यक्ष; विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर भी नए पदाधिकारियों का चयन

न्यूज़ विज़न। बक्सर
भारतीय युवा कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव के परिणाम मंगलवार देर शाम घोषित कर दिए गए। चुनाव परिणाम सामने आने के साथ ही बक्सर जिले में युवा कांग्रेस के संगठनात्मक स्तर पर उत्साह का माहौल है। बक्सर के लिए सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि अनुराग राज त्रिवेदी ने प्रदेश महासचिव पद पर जीत दर्ज की है। बताया गया कि बक्सर से पहली बार किसी युवा नेता ने युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर अपनी जगह बनाई है।
अनुराग राज त्रिवेदी के प्रदेश महासचिव चुने जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। वहीं, जिला स्तर पर दिलीप यादव को जिला अध्यक्ष तथा अंकित सिद्धार्थ मौर्य को जिला महासचिव चुना गया है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों की ओर से लगातार बधाई दी जा रही है।
विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर भी हुआ चुनाव
सांगठनिक चुनाव में विधानसभा स्तर पर बक्सर विधानसभा अध्यक्ष के रूप में गणेश कुमार, ब्रह्मपुर से आनंद कुमार, डुमरांव से लक्ष्मण जी यादव तथा राजपुर से रामकुमार यादव निर्वाचित हुए हैं। इसी प्रकार ब्लॉक स्तर पर बक्सर से अभिषेक कुमार, इटाढ़ी से ऋषिकेश चौधरी, नावानगर से रवि कुमार सिंह, राजपुर से बबलू राज, डुमरांव से सत्यम कुमार जायसवाल तथा सिमरी से अजीत कुमार यादव को ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया है।
आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करने की पहल
भारतीय युवा कांग्रेस में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया को पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जाता है। इसमें निर्धारित आयु वर्ग के युवाओं को सदस्यता देकर मतदाता सूची तैयार की जाती है। इसके बाद ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ती है। कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न पदों के लिए मतदान के माध्यम से प्रतिनिधियों का चयन किया जाता है।
इसके बाद जिला और प्रदेश स्तर के पदों के लिए चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाती है। इस व्यवस्था के माध्यम से जमीनी स्तर पर सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं को संगठन में आगे बढ़ने और बड़ी जिम्मेदारियां संभालने का अवसर मिलता है। बक्सर में इस बार प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक कई पदों पर नए चेहरों के चयन से युवा कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों ने इसे संगठन की मजबूती और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने वाला कदम बताया है।




