सरदार पटेल की जयंती पर जदयू कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा, ‘अभ्यास’ पुस्तक का हुआ विमोचन
प्रदेश किसान नेता संजय कुमार सिंह ने कहा—सरदार पटेल की अदम्य इच्छाशक्ति और राष्ट्रभक्ति ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने में निभाई ऐतिहासिक भूमिका

न्यूज़ विज़न। बक्सर
शनिवार, 31 अक्टूबर को बक्सर जिला जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय में स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी एवं लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जदयू कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि एवं भावपूर्ण श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्रभक्ति के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अखंड भारत के निर्माण की मजबूत नींव रखी।
‘अभ्यास’ पुस्तक का हुआ विमोचन
कार्यक्रम के दौरान भोजपुर जिले के दलीपपुर निवासी लेखक आशुतोष पाठक द्वारा लिखित पुस्तक ‘अभ्यास’ का जदयू नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा विमोचन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पुस्तक के प्रकाशन पर लेखक को शुभकामनाएं दीं और साहित्य एवं समाज के क्षेत्र में उनके प्रयास की सराहना की।
सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश किसान नेता संजय कुमार सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि उनकी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्रभक्ति के कारण देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण संभव हुआ। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर जदयू नेता एवं कार्यकर्ता संजय कुमार सिंह, मोहन चौधरी, जितेन्द्र कुमार सिंह, विमलेन्द्र कुमार बब्लू, प्रभु गोड़, पंकज मानसिंहका, संजय चौधरी, श्याम जी वर्मा, रामाशंकर सिंह, अधिवक्ता बिनोद सिंह, अधिवक्ता राघवेन्द्र कुमार, मार्कण्डेय पटेल, ध्रुप गुप्ता, रोहित वर्मा, दिलशाद हुसैन, मुन्ना चौरसिया, बब्लू शर्मा, नीरज पटेल, नीतीश, शशि यादव सहित अन्य साथी मौजूद रहे।




