ACCIDENT

पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर, 35 वर्षीय युवक की मौत

महरौली मोड़ के समीप देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, चार-पांच दिन बाद विदेश लौटने वाला था विकास यादव; पत्नी और तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत खरहाटांड़-डुमरी पथ पर महरौली मोड़ के समीप शनिवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान महरौली गांव निवासी सुदर्शन यादव उर्फ तूफानी यादव के पुत्र विकास यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब 10 बजे विकास यादव बाइक से अपने घर से निकला था। इसी दौरान खरहाटांड़ की ओर से डुमरी की तरफ जा रही एक पिकअप वाहन से महरौली मोड़ के समीप उसकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विकास यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। हादसे की सूचना सिमरी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

 

चार-पांच दिन बाद विदेश जाने वाला था विकास

परिजनों के मुताबिक विकास यादव कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आया था। वह चार-पांच दिनों बाद दोबारा काम के सिलसिले में विदेश जाने वाला था। परिवार में उसके विदेश लौटने की तैयारी चल रही थी, लेकिन इससे पहले ही सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। विकास अपने पीछे पत्नी रूनी देवी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है। पति की मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक के पिता किसान हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने बताया कि विकास मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके अचानक चले जाने से परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की बात कही। सिमरी थाना पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button