बिजली विभाग के कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ डुमरांव में फूटा आक्रोश, उपभोक्ताओं ने फूंका पुतला
कोरानसराय विद्युत सब-डिवीजन के एसडीओ और जेई पर अभद्र व्यवहार व मारपीट के आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग; कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

न्यूज विज़न। बक्सर
डुमरांव एवं कोरानसराय विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के कथित दुर्व्यवहार को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है। उपभोक्ताओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोपों को लेकर बुधवार को डुमरांव में आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कोरानसराय विद्युत सब-डिवीजन के एसडीओ अर्जुन राय और जेई अमित राय के व्यवहार को लेकर पिछले कुछ दिनों से उपभोक्ताओं में नाराजगी बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत संबंधी समस्याओं और कार्यों को लेकर विभागीय कार्यालय पहुंचने वाले उपभोक्ताओं के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया जाता है। आरोप यह भी है कि कई मामलों में उपभोक्ताओं पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है।
इसी क्रम में बीते दिनों डुमरा निवासी विनोद पासवान अपने एक रिश्तेदार के साथ नया बिजली कनेक्शन लेने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि कार्यालय में किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके बाद उनके साथ कथित रूप से मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों के बीच पहुंचने के बाद लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
बुधवार को इसी मामले को लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकजुट हुए और बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विभाग का पुतला दहन कर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिजली विभाग आम उपभोक्ताओं को आवश्यक सेवा उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण विभाग है। ऐसे में उपभोक्ताओं के साथ कथित मारपीट, दुर्व्यवहार और अपमानजनक व्यवहार की शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
लोगों ने वरीय विद्युत अधिकारियों से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में जो भी अधिकारी या कर्मी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़ित विनोद पासवान को न्याय दिलाने की भी मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। लोगों का कहना है कि उपभोक्ताओं के सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर विभाग को जवाबदेह तरीके से कार्य करना चाहिए।
पुतला दहन कार्यक्रम में पीड़ित विनोद पासवान के अलावा अविनाश त्रिपाठी ‘बप्पी’, मगन राय, दीपक यादव, मनु सिंह, नथुनी खरवार, अभिषेक कुमार, अमरेंद्र सिंह, प्रशांत ठाकुर, संटु मित्रा, अजीत तिवारी, आनंद सिंह, संजय पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।




