सेवा ज्योति यात्रा के तहत नगर भवन में सजी रंगोली, बालिकाओं और जीविका दीदियों ने दिखाई रचनात्मकता
पीएम मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के सफर को रंगोलियों के जरिए किया प्रदर्शित, नगर परिषद की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

न्यूज विज़न। बक्सर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के सफर को समर्पित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत बुधवार को नगर परिषद बक्सर की ओर से नगर भवन में भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्कूली बालिकाओं के साथ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीविका दीदियों और स्वच्छता साथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न रंगों और आकर्षक कलात्मक डिजाइनों के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े संकल्पों को रंगोली के जरिए प्रस्तुत किया।
नगर भवन परिसर में बनाई गई रंगोलियां अपनी आकर्षक प्रस्तुति और संदेशों के कारण लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। प्रतिभागियों ने रंगोली के माध्यम से स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को रचनात्मक तरीके से सामने रखा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर परिषद बक्सर की मुख्य पार्षद कमरुन निशा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सरकार द्वारा निर्धारित महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। रंगोली जैसी रचनात्मक कला के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि कला और रचनात्मकता के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं के संदेश को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
प्रतियोगिता में स्कूली छात्राओं के अलावा जीविका दीदियों और स्वच्छता साथियों की भागीदारी ने आयोजन को और खास बना दिया। अलग-अलग समूहों द्वारा तैयार की गई रंगोलियों में रचनात्मकता के साथ सामाजिक संदेश भी देखने को मिला।
इस मौके पर नगर परिषद की स्थायी सशक्त समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह, चक्रवर्ती चौधरी, दीपक सिंह, शहबाज अख्तर, मनोज गुप्ता, हिटलर कुमार कुशवाहा, जय तिवारी समेत अन्य पार्षद और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में नगर परिषद बक्सर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नगर प्रबंधक राजमणी गुप्ता के साथ मनोज केशरी, विजय चौरसिया, नवीन पाण्डेय, कुमार अविनाश और मो. वाहिद ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में सक्रिय सहयोग किया। वहीं मोनालिशा प्रशिक्षण संस्थान के विनोद सिंह ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के संदेश को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने के साथ कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।




