6 अक्टूबर को ‘नो मनी, नो इंडेंट’, 26 अक्टूबर को दिल्ली में धरना; मांगें नहीं मानी तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
बक्सर के 27 एलपीजी वितरकों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार से कमीशन बढ़ाने समेत कई मांगों को तत्काल पूरा करने की उठाई आवाज

न्यूज़ विज़न। बक्सर
देश की तीनों प्रमुख ऑयल कंपनियों—इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड—से जुड़े बक्सर जिले के सभी 27 एलपीजी वितरकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। सोमवार को बक्सर जिला मुख्यालय में एलपीजी वितरकों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी दी।
वितरकों ने बताया कि 6 अक्टूबर 2026 को ‘नो मनी, नो इंडेंट’ अभियान चलाया जाएगा। इस दिन जिले का कोई भी एलपीजी वितरक संबंधित कंपनी के खाते में राशि ट्रांसफर नहीं करेगा और न ही गैस का इंडेंट यानी मांग पत्र जारी करेगा। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (इंडिया) के आह्वान पर देशभर के एलपीजी वितरक 26 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेंगे। वितरकों का कहना है कि इसके बाद भी यदि उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार और तेल कंपनियों की ओर से सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो देशभर के एलपीजी वितरक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
वितरकों की प्रमुख मांगों में होम डिलीवरी एवं प्रशासनिक शुल्क (कमीशन) में तत्काल 75 रुपये की वृद्धि करना शामिल है। इसके अलावा एलपीजी उपभोक्ताओं पर कथित रूप से गैरकानूनी तरीके से पीएनजी लेने की अनिवार्यता संबंधी शर्त को हटाने की मांग की गई है। वितरकों ने प्रत्येक ई-केवाईसी के लिए 236 रुपये का भुगतान करने की मांग भी उठाई है। उनका आरोप है कि सार्वजनिक तेल कंपनियों के अधिकारियों द्वारा एकाधिकारपूर्ण तरीके से एलपीजी वितरकों के माध्यम से चूल्हा, रबर ट्यूब, फायरवॉल, ट्रॉली, चायपत्ती सहित अन्य उत्पादों की बिक्री कराई जा रही है, जिसे तत्काल रोकने की आवश्यकता है। इसके साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 का उल्लंघन बताते हुए 5 किलोग्राम एवं 19 किलोग्राम सिलेंडरों की जबरन बिक्री को तत्काल प्रतिबंधित करने की मांग भी की गई।
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (इंडिया) ने प्रधानमंत्री, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव डॉ. नीरज मित्तल से वितरकों की मांगों पर तत्काल और न्यायपूर्ण निर्णय लेने का अनुरोध किया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में अनिश्चितकालीन हड़ताल के अलावा उनके पास कोई अन्य विकल्प नहीं बचेगा। इससे देश की जनता को होने वाली असुविधा के लिए भारत सरकार को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान LDAI बक्सर के अध्यक्ष मृत्युंजय योगेंद्र नाथ, राज बिहारी ओझा, छठु लाल रजक, ब्रजेश कुमार पाठक, कुमार रुपेश, संतोष कुमार, राजेश सिंह, कमलेश कुमार, संजय सिंह, कमलेश कुंवर, आनंद कुमार राव, धनंजय कुमार सिंह, ब्रजेश कुमार तिवारी, प्रेम सागर कुंवर, कनक सिंह, इंदु पाण्डेय, अव्यय कुमार, अखिलेश पाठक, कमलाकर ओझा समेत जिले के विभिन्न इंडेन, भारत गैस एवं एचपी गैस एजेंसियों के वितरक मौजूद रहे।




