गया से अयोध्या जा रही यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 22 घायल
वीर कुंवर सिंह सेतु पर अहले सुबह हुआ भीषण हादसा, बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त; सभी घायल तेलंगाना के रहने वाले, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

न्यूज़ विज़न। बक्सर
पितृपक्ष मेले में गया में पिंडदान का कार्य संपन्न करने के बाद अयोध्या जा रहे यात्रियों से भरी एक बस सोमवार की अहले सुबह वीर कुंवर सिंह सेतु पर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। करीब सुबह 4 बजे बस की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस में सवार करीब 22 यात्री घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी यात्री तेलंगाना के रहने वाले हैं और गया में पितृपक्ष मेले के दौरान पिंडदान का कार्य संपन्न करने के बाद अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान वीर कुंवर सिंह सेतु पर बस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही नरही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला और सभी घायलों को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया।
इधर, बक्सर पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंची और घायलों के इलाज की व्यवस्था में जुटी रही। चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है। सभी घायलों की स्थिति चिकित्सक के नियंत्रण में है। हादसे के बाद पुल पर आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए नरही पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को पुल से हटवाकर भरौली गोलंबर के पास खड़ा करवा दिया।
ये यात्री हुए घायल
हादसे में घायल यात्रियों में के. वेणु राव, के. राजेश्वरी राव, के. नारायण राव, के. स्वामी राव, के. विजयल राव, के. संपत राव, पी. इलैया, जी. राम रेड्डी, जी. राजू रेड्डी, के. संपत, वी. सर्वैया, बी. इलैया, वी. रामा राव, टी. एहेशिया, पी. वेंकट राव, टी. संपत राव, टी. नरसिंह राव और जी. राजेश्वरी राव समेत कुल 22 यात्री शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल, बक्सर में चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर को हादसे का कारण बताया जा रहा है।




