OTHERS

बक्सर में ‘कुशल युवा कार्यक्रम’ का पुनः शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण

आर्या कंप्यूटर सेंटर में हुआ भव्य उद्घाटन, मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद साहू ने कहा- डिजिटल युग में कंप्यूटर व संवाद कौशल युवाओं की सफलता की कुंजी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार सरकार की सात निश्चय योजना के अंतर्गत युवाओं को सशक्त, कुशल और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘कुशल युवा कार्यक्रम’ (KYP) का पुनः शुभारंभ आर्या कंप्यूटर सेंटर, नेहरू उच्च विद्यालय, बाजार समिति रोड, बक्सर में धूमधाम एवं गरिमामय माहौल में किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद साहू ने दीप प्रज्वलित कर किया।

 

उद्घाटन समारोह के दौरान पंडित नागेंद्र प्रसाद के वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि से पूरा परिसर भक्तिमय एवं सकारात्मक ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम की अध्यक्षता किशोर न्याय परिषद, बक्सर के सम्माननीय सदस्य एवं मजिस्ट्रेट डॉ. उदय कुमार ने की। समारोह की शुरुआत संस्था की मेधावी छात्राओं पूजा कुमारी एवं कोमल कुमारी द्वारा प्रस्तुत सुमधुर स्वागत गीत से हुई। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आर्यभट्ट कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर, डुमरांव के निदेशक अजय कुमार ने कुशल युवा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके उद्देश्य और लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मैट्रिक (10वीं) उत्तीर्ण युवक-युवतियों को हिंदी एवं अंग्रेजी संवाद कौशल, बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान (BS-CIT) तथा व्यवहार कौशल (Soft Skills) का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण ऐसे विद्यार्थी जो आगे की पढ़ाई या रोजगार की तलाश में हैं, उन्हें प्रशिक्षण के साथ बिहार सरकार की ओर से ₹1000 प्रति माह स्वयं सहायता भत्ता (Self Help Allowance) भी प्रदान किया जाता है।

मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद साहू ने कहा कि कुशल युवा कार्यक्रम मुख्यमंत्री की सोच का परिणाम और बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। डिजिटल युग में कंप्यूटर एवं बेहतर संवाद कौशल के बिना आगे बढ़ना कठिन है। प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा नामी कंपनियों में रोजगार के योग्य बनने के साथ-साथ स्वरोजगार स्थापित कर दूसरों को भी रोजगार के अवसर दे सकते हैं। विशिष्ट अतिथि एवं सीमांचल क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी तथा एनडीए के पूर्व प्रत्याशी नरेश साहू ने युवाओं को राष्ट्र की रीढ़ बताते हुए बक्सर के छात्र-छात्राओं से योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में शंभू साह, राहुल कुमार, कमलेश महाजन, सौरभ तिवारी, अमित मिश्रा, धनजी पांडेय, हरेराम गुप्ता, उत्तम सिंह एवं मुकेश सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला। अंत में संस्था की शिक्षिका नीतू कुमारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button