OTHERS

सवर्ण आयोग के गठन से लेकर आरक्षण की समीक्षा तक उठी मांग, 30 सितंबर को बक्सर में पैदल मार्च

राष्ट्रीय परशुराम परिषद ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का किया ऐलान, प्रदेश प्रवक्ता मल्लिकार्जुन राय ने सवर्ण समाज से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रविवार को जाशो रोड में राष्ट्रीय परशुराम परिषद की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता के दौरान परिषद के प्रदेश प्रवक्ता मल्लिकार्जुन राय ने संगठन की विभिन्न मांगों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि परिषद की ओर से एससी-एसटी एक्ट में संशोधन, आरक्षण की समीक्षा, भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने तथा राष्ट्रीय सवर्ण आयोग के गठन की मांग को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।

 

मल्लिकार्जुन राय ने कहा कि बिहार राज्य सवर्ण आयोग एवं उसके तहत नियुक्त किए गए सभी नोडल अधिकारियों की भी पूर्ण जांच एवं समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी स्तर पर कोई अनियमितता या गलत तथ्य सामने आते हैं तो ऐसी स्थिति में आयोग एवं संबंधित व्यवस्था के पुनर्गठन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि परिषद अपनी मांगों को लेकर बिहार के सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसी क्रम में जिलाधिकारी के माध्यम से बिहार के मुख्यमंत्री एवं देश के प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। बक्सर में यह कार्यक्रम 30 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।

 

प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पैदल यात्रा मार्च भी निकाला जाएगा। उन्होंने सवर्ण समाज के लोगों से इस मार्च में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर कार्यक्रम में शामिल हों और अपनी एकजुटता एवं संख्या बल प्रदर्शित करें। प्रेस वार्ता के दौरान परिषद की ओर से संगठन की मांगों को लेकर आगे की रणनीति पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि विभिन्न मांगों को लेकर समाज के लोगों को एकजुट किया जा रहा है और निर्धारित कार्यक्रम के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी। प्रेस वार्ता में आशु राय एवं अंकित पांडेय सहित राष्ट्रीय परशुराम परिषद से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे। परिषद ने 30 सितंबर को बक्सर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सवर्ण समाज के लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button