राजस्थान में छिपा था बक्सर का टॉप-10 अपराधी, पुलिस ने दबोचा
हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में था फरार; तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर राजस्थान के चोपानकी से हुई गिरफ्तारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले की पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे और पुलिस की टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल कुख्यात अभियुक्त संजय राय को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने उसे राजस्थान के भिवाड़ी जिले के चोपानकी थाना क्षेत्र से पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्त बगेनगोला थाना क्षेत्र के पोखराहा गांव का रहने वाला बताया गया है।
बक्सर पुलिस के अनुसार, संजय राय वर्ष 2021 में मुरार थाना में दर्ज हत्या के कांड संख्या 55/21 में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और पुलिस की पकड़ से दूर रह रहा था।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष टीम
फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी को लेकर एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम का नेतृत्व डुमरांव एसडीपीओ समीर कुमार सिंह कर रहे थे। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ गोपनीय सूचना के आधार पर अभियुक्त की गतिविधियों का पता लगाया। इसी क्रम में पुलिस को संजय राय के राजस्थान में छिपे होने की महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना की पुष्टि के बाद विशेष टीम राजस्थान पहुंची और चोपानकी थाना क्षेत्र में संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर संजय राय को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उसकी संभावित संलिप्तता को लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
कई गंभीर आपराधिक मामलों में दर्ज है नाम
पुलिस के अनुसार, संजय राय के खिलाफ बगेनगोला थाना कांड संख्या 100/20 में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है। वहीं बगेनगोला थाना कांड संख्या 17/21 में हत्या के प्रयास, तोड़फोड़ और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। इसके अलावा मुरार थाना कांड संख्या 55/21 में हत्या, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज है। इन मामलों में लंबे समय से फरार रहने के कारण पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी।
गिरफ्तारी में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में डुमरांव एसडीपीओ समीर कुमार सिंह, अंचल पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार, डीआईयू के दारोगा चंदन कुमार-1, मुरार थाना के दारोगा प्रदीप साह गोंड समेत डीआईयू टीम के जवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।





