एमवी कॉलेज गेट के पास फास्ट फूड दुकान में छापेमारी, एक बाल श्रमिक मुक्त
श्रम विभाग की धावा दल ने की कार्रवाई, बाल श्रमिक को जिला बाल कल्याण समिति को सौंपा; नियोजक के खिलाफ प्राथमिकी की तैयारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बाल श्रम उन्मूलन एवं बाल श्रमिकों के संरक्षण को लेकर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को धावा दल ने बक्सर शहर में छापेमारी कर एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार, जिला पदाधिकारी बक्सर एवं श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के निर्देश के आलोक में धावा दल ने एमवी कॉलेज गेट, बक्सर स्थित मेसर्स मां मुंडेश्वरी फास्ट फूड एवं स्वीट्स में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान में कार्यरत एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया। छापेमारी अभियान में बक्सर सदर, राजपुर एवं इटाढ़ी के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान बक्सर नगर थाना की पुलिस टीम तथा स्व. कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान के सदस्य भी मौजूद रहे। धावा दल की कार्रवाई के बाद मुक्त कराए गए बाल श्रमिक को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला बाल कल्याण समिति, बक्सर के समक्ष सुपुर्द कर दिया गया।
श्रम विभाग के अनुसार, बाल श्रमिक के मामले में नियमानुसार आगे की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में दोषी नियोजक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विमुक्त बाल श्रमिक के पुनर्वासन को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि उसे सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और उसके भविष्य को बेहतर दिशा दी जा सके। श्रम विभाग की ओर से बताया गया कि जिले में बाल श्रम के खिलाफ नियमित रूप से धावा दल का गठन कर विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं कार्यस्थलों पर जांच और छापेमारी की जा रही है। इसका उद्देश्य बच्चों को श्रम के चंगुल से मुक्त कराना तथा उन्हें शिक्षा, संरक्षण एवं पुनर्वासन की दिशा में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम से संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। प्रतिष्ठान संचालकों से भी अपील की जा रही है कि वे बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम न कराएं और बाल श्रम उन्मूलन के प्रयासों में प्रशासन का सहयोग करें।





