OTHERS

बिहार सेंट्रल स्कूल में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, छात्रों ने संभाली शिक्षक की भूमिका

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में भव्य समारोह का आयोजन कर शिक्षक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कुछ दिवस अपने से जुड़े महान व्यक्तित्वों के कारण गौरवान्वित हो जाते हैं। इसी तरह 5 सितंबर का दिन भी डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के कारण शिक्षक दिवस के रूप में गौरव प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने शिक्षक के पद से राष्ट्रपति पद तक पहुंचकर समाज में शिक्षकों के सम्मान को नई ऊंचाई प्रदान की।

 

सरोज सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं। समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना, सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध कराने और उन्हें व्यवहार में उतारने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी शिक्षक निभाते हैं। भारतीय परंपरा और धार्मिक ग्रंथों में भी गुरु की महिमा को अत्यंत ऊंचा स्थान दिया गया है। शिक्षक विद्यार्थियों के भीतर सृजनात्मक एवं रचनात्मक सोच विकसित कर उन्हें समाज के लिए बेहतर नागरिक बनाने का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अध्ययन और व्यक्तित्व विकास के प्रति निरंतर सजग रहने की सलाह दी तथा कहा कि मेहनत और अनुशासन के माध्यम से ही वे समाज के आदर्श नागरिक बन सकते हैं।

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने स्वयं शिक्षक बनकर कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य कराया। रागिनी ने कक्षा नवम में गणित, अभिषेक ने कक्षा दशम में विज्ञान तथा पंकज ने कक्षा दशम में गणित विषय पढ़ाया। अपने ही विद्यालय के भैया-दीदी को शिक्षक की भूमिका में देखकर छोटे बच्चे काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। कार्यक्रम में विद्यालय की उप निदेशिका उर्मिला सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी शिक्षकों का पुष्प भेंट एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button