वरिष्ठ आशुलिपिक सीमा रंजन को भावभीनी विदाई, पटना न्यायमंडल में हुआ स्थानांतरण
बक्सर व्यवहार न्यायालय में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मियों ने कहा—सीमा रंजन की कार्यकुशलता और सहयोगी व्यवहार की कमी खलेगी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
व्यवहार न्यायालय, बक्सर की वरिष्ठ आशुलिपिक सीमा रंजन का पटना न्यायमंडल में स्थानांतरण होने पर सोमवार को न्यायालय परिसर में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायालयकर्मियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके सुखद, सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। इस दौरान सहकर्मियों ने उन्हें माला पहनाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी प्रशासन न्यायालय राजीव कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सीमा रंजन न्यायिक कार्यों की गहरी समझ रखने वाली तेज-तर्रार एवं कुशल आशुलिपिक रही हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान न्यायालय से जुड़ी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ निर्वहन किया। उनके स्थानांतरण से न्यायालय को एक प्रशिक्षित एवं कानून की बारीकियों से अच्छी तरह परिचित कर्मी की कमी महसूस होगी। उन्होंने कहा कि सहकर्मियों के साथ भी सीमा रंजन का व्यवहार हमेशा सहयोगपूर्ण और आत्मीय रहा है।
प्रधान लिपिक संजय कुमार ने कहा कि सीमा रंजन का पटना न्यायमंडल में स्थानांतरण उनके लिए खुशी का विषय है, क्योंकि वह अपने घर जा रही हैं। उन्होंने उनके सफल एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए कहा कि पटना न्यायमंडल में भी सीमा रंजन अपनी कार्यकुशलता और समर्पण से अलग पहचान बनाएंगी। वहीं न्यायब नाजिर दीपक गुप्ता ने कहा कि सीमा रंजन न्यायालय की सबसे वरिष्ठ महिला आशुलिपिकों में शामिल रही हैं। उनके स्थानांतरण से महिला कर्मचारियों ने एक अभिभावक, मार्गदर्शक और सखी को खो दिया है। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर सीमा रंजन का व्यवहार हमेशा सहयोगात्मक, आत्मीय और प्रेरणादायक रहा। इस अवसर पर जीआर क्लर्क धनंजय कुमार ने सीमा रंजन को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके सफल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं प्रियंका कुमारी ने कहा कि सीमा रंजन उनके लिए केवल एक सहकर्मी नहीं, बल्कि महिला कर्मचारियों के लिए अभिभावक की भूमिका निभाती रही हैं। उनके मार्गदर्शन और सहयोग को हमेशा याद किया जाएगा।
विदाई समारोह के दौरान न्यायालय परिसर का माहौल भावुक हो गया। सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं और उनके नए कार्यस्थल पर सफलता की कामना की। इस दौरान अमरेंद्र भारती, मनोज कुमार शर्मा, देवकांत पासवान, सन्नी, सौरव दीक्षित, अरविन्द कुमार, सुभाष कुमार सिन्हा, नूतन, प्रियंका, रागिनी, चंदन, मणि कुमार, घनश्याम कुमार सहित बड़ी संख्या में न्यायालयकर्मी मौजूद रहे। समारोह के अंत में सभी सहकर्मियों ने सीमा रंजन को माला पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। न्यायालयकर्मियों ने एक स्वर में उनके सुखद, सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बक्सर व्यवहार न्यायालय में उनके योगदान और सहयोग को लंबे समय तक याद किया जाएगा।




