रामरेखा घाट पर गंगा स्नान के दौरान महिला लापता, परिजनों ने नगर थाने में दिया आवेदन
परिवार के साथ बक्सर पहुंची थी सविता देवी, स्नान के बाद घर लौटते समय हुईं लापता; भाई ने लोगों से तलाश में सहयोग की अपील की


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर के प्रसिद्ध रामरेखा घाट पर गंगा स्नान करने आई एक महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, कैमूर जिले के सोनहन थाना क्षेत्र के ग्राम वदार निवासी करीब 35 वर्षीय सविता देवी बीते 8 अगस्त (शनिवार) को अपने परिवार के साथ बक्सर रामरेखा घाट पर गंगा स्नान करने पहुंची थीं। स्नान के बाद परिवार के अन्य सदस्य घर लौट गए, लेकिन सविता देवी उनके साथ नहीं पहुंचीं।
काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने संभावित स्थानों पर खोजबीन करने के साथ परिचितों से भी उनके संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद सविता देवी के भाई नीरज प्रसाद जायसवाल, पिता ललन प्रसाद जायसवाल ने बक्सर नगर थाना में आवेदन देकर अपनी बहन की खोजबीन कराने की गुहार लगाई है।
लाल रंग की साड़ी और हाथ में झूला लिए थीं सविता देवी
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सविता देवी की उम्र लगभग 35 वर्ष, कद करीब 5 फीट और रंग सांवला है। घटना के समय उन्होंने लाल रंग की साड़ी पहन रखी थी और उनके हाथ में झूला था। परिवार के लोगों ने बताया कि रामरेखा घाट पर गंगा स्नान के लिए आने के बाद अचानक उनका संपर्क टूट गया। परिजनों ने बक्सर नगर थाना पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला की तलाश कराने की अपील की है। साथ ही घाट, आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर खोजबीन करने का आग्रह किया गया है।
सूचना मिलने पर इस नंबर पर करें संपर्क
परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को सविता देवी दिखाई दें या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल उनके परिजनों को सूचित करें। संपर्क नंबर: 6304089190
परिजनों का कहना है कि एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के कारण उनकी चिंता बढ़ती जा रही है। परिवार ने आम लोगों से अपील की है कि महिला के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तुरंत दिए गए मोबाइल नंबर पर सूचना दें, ताकि उन्हें सुरक्षित घर वापस लाया जा सके।





