OTHERS

बिहार पुलिस के एएसआई मुन्ना कुमार गोंड का बीमारी से निधन, पुराना भोजपुर में शोक की लहर

किडनी की गंभीर बीमारी से लंबे समय से थे पीड़ित, इलाज के दौरान सदर अस्पताल में ली अंतिम सांस; पत्नी और पांच बच्चों को छोड़ गए पीछे

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार पुलिस में कार्यरत सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) मुन्ना कुमार गोंड का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार की सुबह निधन हो गया। वे बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना भोजपुर गांव के निवासी थे। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव सहित पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

जानकारी के अनुसार, मुन्ना कुमार गोंड लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। पिछले कई महीनों से उनका लगातार इलाज चल रहा था। वे नियमित डायलिसिस पर थे तथा पटना के पीएमसीएच सहित कई निजी अस्पतालों में भी उनका उपचार कराया जा रहा था। बीमारी लगातार बढ़ने के कारण करीब दो माह पहले उन्होंने विभाग से अवकाश ले लिया था। बताया जाता है कि सोमवार को अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल बक्सर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद मंगलवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

 

2006 में बने थे बिहार पुलिस के सिपाही, प्रमोशन के बाद बने एएसआई
मुन्ना कुमार गोंड वर्ष 2006 में बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सरल व्यवहार के कारण उन्होंने विभाग में अलग पहचान बनाई। सेवा के दौरान उन्होंने आरा ट्रैफिक समेत कई थानों में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। बाद में पदोन्नति मिलने पर उन्हें सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) बनाया गया। वर्तमान में वे पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मरांची थाना में एएसआई के पद पर कार्यरत थे।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मुन्ना कुमार गोंड एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से थे और परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर आर्थिक और भावनात्मक दोनों तरह का संकट आ गया है। उनके परिवार में पत्नी सीता देवी और पांच बच्चे हैं। सबसे बड़े पुत्र भूपेंद्र कुमार (14 वर्ष) हैं। इसके अलावा गणेश कुमार, लक्ष्मी कुमारी, दुर्गा और सरस्वती हैं। उनके छोटे भाई शंकर गोंड राजमिस्त्री का कार्य करते हैं।

गांव ने खोया एक मिलनसार और मददगार व्यक्तित्व
ग्रामीणों ने बताया कि मुन्ना कुमार गोंड बेहद मिलनसार, शांत स्वभाव और जरूरतमंदों की मदद करने वाले व्यक्ति थे। वे सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनके निधन से पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है और लोगों का कहना है कि गांव ने एक नेकदिल इंसान को खो दिया है।

पुलिस ने शुरू की आवश्यक प्रक्रिया
घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर दी। पोस्टमार्टम को लेकर खबर लिखे जाने तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी। नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि परिजनों की इच्छा के अनुरूप आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मुन्ना कुमार गोंड के निधन से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button