OTHERS

22 रक्तवीरों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान, स्व. राधिका देवी की पुण्यतिथि पर मानवता को समर्पित आयोजन

लोहंदी भवन में आयोजित शिविर का रेड क्रॉस चेयरमैन, रोटरी एवं रोट्रैक्ट पदाधिकारियों ने रक्तदान कर किया शुभारंभ, युवाओं से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रोट्रैक्ट क्लब बक्सर की ओर से शुक्रवार को स्वर्गीय राधिका देवी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर “रक्तदान महादान, जीवनदान” शिविर एवं रक्तदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। नगर परिषद के पीछे स्थित लोहंदी भवन में सुबह 10 बजे से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानवता की सेवा का संदेश दिया।

 

शिविर का उद्घाटन रेड क्रॉस के चेयरमैन सुरेश अग्रवाल, रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष निर्मल सिंह तथा रोट्रैक्ट क्लब के अध्यक्ष सागर वर्मा ने स्वयं रक्तदान कर किया। इस अवसर पर रोट्रैक्ट क्लब के सूरज गुप्ता, ब्लड बक्सर के प्रियेश, प्रविव रंजन, सुमित मानसिंहका, आदिल खान एवं नसीम नायक सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिविर में रक्तवीरांगना शालिनी सर्राफ समेत कुल 22 रक्तवीरों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में रवि प्रकाश शर्मा, रवि शंकर शर्मा, सोनू गुप्ता, बिनय चौधरी, अखिलेश राय, रिजवान अंसारी, रोहित कुमार, मंजीत शर्मा, चंदन चौधरी, सुधीर सर्राफ, सुनील कुमार वर्मा, धीरज कुमार, नीलेश सिंह सहित अन्य रक्तदाता शामिल रहे।

 

रोटरी अध्यक्ष निर्मल सिंह ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। उन्होंने ब्लड बक्सर की “नई सोच, नई परंपरा” मुहिम की सराहना करते हुए युवाओं से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील की। अपनी माता स्वर्गीय राधिका देवी की पुण्य स्मृति में रक्तदान करने वाले मंजीत शर्मा ने कहा कि रक्तदान केवल दूसरों की जान बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य की नियमित जांच का भी अवसर है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है तथा कई गंभीर बीमारियों की शुरुआती जांच भी संभव हो जाती है। रक्तदान से पहले रक्तचाप, नाड़ी, तापमान, हीमोग्लोबिन और एचआईवी, हेपेटाइटिस बी-सी तथा सिफिलिस जैसी संक्रमण संबंधी जांचें निःशुल्क की जाती हैं।

रोट्रैक्ट क्लब के अध्यक्ष सागर वर्मा ने सभी रक्तदाताओं, रेड क्रॉस, ब्लड बक्सर एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब का उद्देश्य ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर करना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से इस तरह के आयोजन आगे भी लगातार किए जाएंगे। शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में ब्लड बक्सर तथा ब्लड बैंक के संतोष कुमार, सुनील कुमार, अनुराग कुमार, मुकेश कुमार सहित सभी स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। यह शिविर सामाजिक सेवा, मानवता और जनजागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button