CRIME

490 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ अंतरजिला गिरोह के 5 तस्कर गिरफ्तार

एक करोड़ की ब्राउन शुगर बरामद, कार और पांच मोबाइल जब्त; बक्सर, भोजपुर और पूर्वी चंपारण तक फैले नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। नया भोजपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 490 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ अंतरजिला गिरोह के पांच कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक कार और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

 

डुमरांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एएसपी) पोलस्त कुमार ने नया भोजपुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था।

 

गोपाल डेरा पोखरा के पास जुटे थे तस्कर
एएसपी के मुताबिक बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि नया भोजपुर थाना क्षेत्र के गोपाल डेरा पोखरा के समीप कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए एकत्रित हुए हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल मौके पर छापेमारी की और पांच लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 490 ग्राम ब्राउन शुगर, एक कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए। सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। मामले में नया भोजपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

तीन जिलों से जुड़े हैं गिरफ्तार आरोपित
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में बक्सर, भोजपुर और पूर्वी चंपारण जिले के लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कोरान सराय थाना क्षेत्र के मुगांव गांव निवासी सोनू सिंह, नाजीरगंज गांव निवासी समीर शेख, नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चिलहरी गांव निवासी सूर्यकांत पाण्डेय, भोजपुर जिले के बबुरा थाना क्षेत्र के फुहा गांव निवासी मंजय कुमार पासवान तथा पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी कुमार गौरव के रूप में हुई है। अलग-अलग जिलों के आरोपितों की गिरफ्तारी से पुलिस को आशंका है कि मादक पदार्थों का यह नेटवर्क अंतरजिला स्तर पर सक्रिय है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी की दिशा में कार्रवाई कर रही है।

पहले भी 480 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ हुई थी गिरफ्तारी
नया भोजपुर थाना पुलिस की मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले पुलिस ने असम के कुख्यात तस्कर प्रेमा पंडित को 480 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर सिमरी थाना क्षेत्र के दूधी पट्टी से एक अन्य कथित तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया था। अब 490 ग्राम ब्राउन शुगर की दूसरी बड़ी बरामदगी के बाद जिले में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रही है।

कहां से आई खेप, किसे होनी थी सप्लाई—जांच जारी
एएसपी पोलस्त कुमार ने बताया कि पुलिस का मुख्य फोकस अब गिरोह की जड़ तक पहुंचना है। इसके लिए गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के साथ उनके मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी, इसे किसके माध्यम से बक्सर पहुंचाया गया और आगे किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और गिरोह के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।

इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की कार्रवाई
इस सफल कार्रवाई में एएसपी पोलस्त कुमार के अलावा डुमरांव सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, बक्सर डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुमन कुमार सहित डीआईयू बक्सर, डुमरांव और नया भोजपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस की लगातार कार्रवाई से संकेत मिल रहा है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए अभियान को और तेज किया जा रहा है। अब पुलिस की नजर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े सप्लायर, खरीदार और अन्य सहयोगियों तक पहुंचने पर है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button