OTHERS

डुमरांव में 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के शत-प्रतिशत आधार नामांकन का अभियान तेज, डाक विभाग और ICDS ने बनाई संयुक्त रणनीति

सीडीपीओ कार्यालय में हुई समन्वय बैठक, 200 आंगनबाड़ी सेविकाओं और 10 आधार यूजर ने लिया हिस्सा; सुकन्या समृद्धि, डाक बचत व बीमा योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी दिया गया जोर

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
मंगलवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय, डुमरांव में 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों के शत-प्रतिशत आधार नामांकन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) शबाना कशफी ने की, जबकि डुमरांव के डाक निरीक्षक रणजीत कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

 

बैठक में डुमरांव अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 200 आंगनबाड़ी सेविकाओं तथा भारतीय डाक विभाग के 10 आधार नामांकन यूजर ने भाग लिया। इस दौरान अनुमंडल के विभिन्न पंचायतों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष आधार नामांकन शिविर आयोजित कर प्रत्येक पात्र बच्चे का आधार बनाने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में लाभार्थियों की पहचान, शिविरों के सफल संचालन, ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक बच्चों को आधार से जोड़ने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सेविकाओं से घर-घर संपर्क कर पात्र बच्चों की सूची तैयार करने और अभिभावकों को शिविरों तक लाने की अपील की। इस अवसर पर डाक निरीक्षक रणजीत कुमार ने भारतीय डाक विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं बचत योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा (PLI), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI), आवर्ती जमा (Recurring Deposit) सहित अन्य बचत योजनाओं के लाभों से सेविकाओं को अवगत कराया।उन्होंने कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। यदि आंगनबाड़ी सेविकाएं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें तो बड़ी संख्या में पात्र बालिकाओं को इस योजना का लाभ मिल सकता है।

 

रणजीत कुमार ने सेविकाओं से वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने और डाक विभाग की बचत एवं बीमा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी आग्रह किया। उन्होंने घोषणा की कि ग्रामीण जनता के बीच वित्तीय जागरूकता फैलाने तथा डाक विभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी सेविकाओं को भारतीय डाक विभाग की ओर से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, सीडीपीओ शबाना कशफी ने सभी सेविकाओं से आधार नामांकन अभियान को मिशन मोड में चलाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे का आधार बनना आवश्यक है, ताकि भविष्य में उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक के अंत में सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं ने विशेष आधार नामांकन अभियान को सफल बनाने तथा ग्रामीण परिवारों को डाक विभाग की बचत और बीमा योजनाओं से जोड़ने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। यह समन्वय बैठक आधार नामांकन, बाल कल्याण और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में भारतीय डाक विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button