कारगिल विजय दिवस पर रोटरी क्लब ने अमर शहीदों को किया नमन, कमलदह कारगिल स्मारक पर अर्पित की पुष्पांजलि
राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को दी श्रद्धांजलि, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंजा परिसर


न्यूज़ विज़न। बक्सर
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार की सुबह रोटरी क्लब बक्सर की ओर से कमलदह तालाब स्थित कारगिल स्मारक पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। क्लब के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्र की आन, बान और शान की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
सुबह 7 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में रोटरी क्लब के लगभग 25 से 30 सदस्यों ने भाग लिया और कारगिल के वीर सपूतों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। उपस्थित सदस्यों ने शहीदों के अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उन्हें नमन किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिन वर्ष 1999 में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन विजय की ऐतिहासिक सफलता और पाकिस्तानी घुसपैठियों पर मिली निर्णायक जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। राष्ट्र उनकी वीरता और त्याग का सदैव ऋणी रहेगा।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद रोटरी सदस्यों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इसके पश्चात सभी सदस्यों ने कमलदह तालाब परिसर में स्थापित महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भी श्रद्धापूर्वक नमन किया। श्रद्धांजलि सभा में रोटरी क्लब के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह, सचिव मनोज वर्मा, मीना सिंह, राजकुमार सिंह, गोपाल जी केशरी, अनिल जायसवाल, एस. एम. साहिल, अरुण कुमार सिंह, शिवाधार तिवारी, अमरनाथ कांस्यकार, नरेश पोद्दार, अनिल मानसिंहका, मनोज सराफ, अनिल केसरी, प्रभुनाथ सिंह, परशुराम वर्मा, अरुण वर्मा, ई. राहुल राघवन, शमशाद अली सहित अन्य रोटरी सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन देश के अमर शहीदों के प्रति सम्मान और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशभक्ति, साहस और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता रहेगा।





