CRIME

बक्सर रेलवे स्टेशन पर RPF का बड़ा एक्शन: एक ही दिन में दो मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल बरामद

सुबह और दोपहर में अलग-अलग कार्रवाई कर RPF ने दो शातिर आरोपियों को दबोचा, 8 जुलाई को भी चार चोरी के मोबाइल के साथ एक आरोपी हो चुका है गिरफ्तार

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर की टास्क टीम लगातार रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सक्रिय होकर मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में जुटी है। इसी क्रम में शनिवार को RPF ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चोरी किए गए मोबाइल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

RPF से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे बक्सर रेलवे स्टेशन पर विशेष अभियान के दौरान टास्क टीम ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष नौनिया (20 वर्ष), पिता स्व. भुटकोरी नौनिया, निवासी नटुआ टोला, रघुनाथपुर, थाना ब्रह्मपुर, जिला बक्सर के रूप में हुई है। बरामद मोबाइल के संबंध में पूछताछ के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए हिरासत में लिया गया। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे गाड़ी संख्या 13041 हिमगिरी एक्सप्रेस की जांच के दौरान RPF टीम ने एक अन्य युवक को चोरी किए गए मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विक्की कुमार (20 वर्ष), पिता स्व. धर्मनाथ यादव, निवासी बड़की सारिमपुर, वार्ड संख्या-07, थाना इंडस्ट्रियल, जिला बक्सर के रूप में हुई है। RPF अधिकारियों के अनुसार, विक्की कुमार पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए उससे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि मोबाइल चोरी से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सके।

 

टीम ने चलाया विशेष जांच अभियान 
शनिवार को रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में चलाए गए विशेष जांच अभियान में SI विजेंद्र मुवाल, कांस्टेबल SNS यादव, कांस्टेबल सर्वेश यादव, कांस्टेबल राजमुकुल कुमार तथा कांस्टेबल दीपक कुमार शामिल रहे। टीम की सतर्कता के कारण दोनों आरोपियों को चोरी के मोबाइल के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया।

8 जुलाई को भी मिली थी बड़ी सफलता
गौरतलब है कि 8 जुलाई को भी RPF बक्सर ने मोबाइल चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोहेल खान (22 वर्ष), पिता लुकमान खान, निवासी मुसाफिर गंज, थाना टाउन, जिला बक्सर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से चार चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि RPF बक्सर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा तथा मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चला रही है। अधिकारियों ने यात्रियों से भी अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल RPF हेल्पलाइन 139 या नजदीकी RPF कर्मियों को दें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button