OTHERS

नियाजीपुर से रवाना हुआ ‘बीमा रथ’, अब गांव-गांव पहुंचेगी डाक जीवन बीमा की जानकारी; भाजपा नेता विजय कुमार मिश्रा ने कराया 20 लाख का PLI

नियाजीपुर बाजार से मुख्य अतिथि विजय कुमार मिश्रा व डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने दिखाई हरी झंडी, ग्रामीणों को PLI, RPLI और सुकन्या समृद्धि योजना से जोड़ने के लिए जिलेभर में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
आम जनमानस को डाक जीवन बीमा (PLI) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) जैसी सुरक्षित और लाभकारी सरकारी बीमा योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को नियाजीपुर बाजार से विशेष “बीमा रथ” को रवाना किया गया। इस जागरूकता अभियान का शुभारंभ मुख्य अतिथि विजय कुमार मिश्रा (सदस्य, टेलीकॉम बोर्ड एवं वरिष्ठ भाजपा नेता) तथा डाक अधीक्षक (बक्सर) श्रीमती कुमारी सरिता ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।

 

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विजय कुमार मिश्रा ने कहा कि डाक विभाग की बीमा योजनाएं देश की सबसे सुरक्षित, भरोसेमंद और जनहितकारी योजनाओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं में न्यूनतम प्रीमियम पर बेहतर सुरक्षा और आकर्षक बोनस का लाभ मिलता है, जिससे आम लोगों को आर्थिक संबल प्राप्त होता है। उन्होंने लोगों को इन योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए स्वयं भी 20 लाख रुपये का डाक जीवन बीमा (PLI) कराया और लोगों के बीच एक सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने अपने संबोधन में सुकन्या समृद्धि योजना का भी उल्लेख करते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी 10 वर्ष तक की बेटियों के नाम न्यूनतम 250 रुपये से खाता अवश्य खुलवाएं, ताकि भविष्य में उनकी शिक्षा और विवाह जैसी आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

 

कार्यक्रम के दौरान डाक अधीक्षक (बक्सर) कुमारी सरिता ने बीमा रथ के उद्देश्य की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य बक्सर जिले के सुदूर ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों तक डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा की जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोग इन सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित बना सकें, यही इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि डाक विभाग की बीमा योजनाएं कम प्रीमियम, अधिक बोनस और पूर्ण सरकारी सुरक्षा के कारण आम जनता के लिए बेहद लाभकारी हैं। इस मौके पर डाक निरीक्षक (डुमराव) रणजीत कुमार ने ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए बनाई गई है। उन्होंने कहा कि कम आय वाले परिवार भी इस योजना से आसानी से जुड़ सकते हैं तथा इसमें न्यूनतम 10 हजार रुपये की बीमित राशि (Sum Assured) से भी बीमा कराया जा सकता है। उन्होंने लोगों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह बीमा रथ नियाजीपुर बाजार से रवाना होकर बक्सर जिले के सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से लाउडस्पीकर, पंपलेट वितरण और डाक कर्मियों की टीम लोगों को डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा तथा अन्य डाक बचत योजनाओं की विस्तृत जानकारी देगी। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सरकारी बीमा योजनाओं से जोड़कर आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। कार्यक्रम में सहायक डाक अधीक्षक (मुख्यालय) पुष्पेंद्र कुमार, सहायक डाक अधीक्षक (बक्सर अनुमंडल) नवीन कुमार, डाक निरीक्षक (रघुनाथपुर) मनीष कुमार, स्थानीय डाक कर्मचारी, प्रबुद्ध नागरिक तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button