अरक पंचायत भवन में लगा सहयोग शिविर, पेंशन से जुड़े आवेदनों की रही सबसे अधिक भीड़, कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट हुआ समाधान
वरीय पदाधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लगाए स्टॉल, लाभुकों को मौके पर ही प्रमाणपत्र भी किए गए वितरित


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के चक्की प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन अरक में मंगलवार को आमजन की समस्याओं के त्वरित निष्पादन एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता वरीय पदाधिकारी अमित कुमार ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी लालबाबू पासवान ने किया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने अपने-अपने विभागीय स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनसे संबंधित आवेदनों का निस्तारण किया। शिविर में सबसे अधिक संख्या सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से संबंधित आवेदनों की रही। बड़ी संख्या में पहुंचे लाभुकों ने पेंशन से जुड़े आवेदन जमा किए, जिनमें कई मामलों का संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को आवश्यक प्रमाणपत्र भी तत्काल तैयार कर अधिकारियों द्वारा वितरित किए गए। इससे लोगों को कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिली और सरकारी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सका।
इस अवसर पर अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी तथा पात्र लोगों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में अंचलाधिकारी संगीता कुमारी, पंचायत सचिव संतोष कुमार, पंचायत ऑपरेटर कृष्णा कुमार, प्रखंड प्रमुख, पंचायत के मुखिया सहित पंचायत एवं प्रखंड स्तर के सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही, जिन्होंने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।





