बांकीपुर से प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी पर जनसुराज में उत्साह, बजरंगी मिश्रा बोले– “बिहार में नई राजनीति की मजबूत शुरुआत”
जनसुराज पार्टी के बक्सर जिलाध्यक्ष ने दी बधाई, कहा– बदलाव, विकास और जनभागीदारी की राजनीति को मिलेगा नया आयाम, जनता सबसे योग्य उम्मीदवार का करे चयन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जनसुराज पार्टी के बक्सर जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने प्रेस बयान जारी कर बांकीपुर विधानसभा सीट से जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी घोषित किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत बताते हुए कहा कि यह केवल एक चुनावी उम्मीदवारी नहीं, बल्कि ईमानदार नेतृत्व, जनभागीदारी और विकास आधारित राजनीति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बजरंगी मिश्रा ने अपने बयान में कहा कि जनसुराज की राजनीति का उद्देश्य सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन है। उनका विश्वास है कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जागरूक जनता विकास, पारदर्शिता और बेहतर भविष्य के संकल्प के साथ इस अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता लंबे समय से पारंपरिक राजनीति से अलग एक ऐसे विकल्प की तलाश में है, जो जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए जवाबदेह शासन की स्थापना कर सके। प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी उसी बदलाव की दिशा में एक मजबूत पहल है।
जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि वह इसे बिहार में नई तरह की राजनीति की शुरुआत के रूप में देखते हैं। उनके अनुसार, “बांकीपुर किसी व्यक्ति या दल का गढ़ नहीं है, बल्कि बिहार की जनता का गढ़ है। अब समय बदल रहा है और राजनीति भी बदलेगी। जनता को जाति, धर्म और परंपरागत समीकरणों से ऊपर उठकर सबसे योग्य, ईमानदार और विकास के प्रति प्रतिबद्ध उम्मीदवार का चयन करना चाहिए।” उन्होंने विश्वास जताया कि जनसुराज का यह अभियान बिहार की राजनीति में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा और जनता के सहयोग से नई राजनीतिक संस्कृति स्थापित होगी, जिसमें जनहित सर्वोपरि होगा। बजरंगी मिश्रा ने अंत में कहा कि जनसुराज पार्टी बिहार के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जनता के विश्वास को मजबूत करने और विकास आधारित राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी उसी संकल्प का सशक्त प्रतीक है।





