बारिश भी नहीं रोक सकी रोमांच, टाईब्रेकर में खरगपुरा ने कुर्रा को 3-2 से हराकर जीता सोनपा फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब
मां कामाख्या स्पोर्ट्स क्लब की तीन दिवसीय प्रतियोगिता का हुआ शानदार समापन, डॉ. मनोज यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान और आधुनिक खेल सुविधाओं की उठाई मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
चौसा प्रखंड के जलीलपुर पंचायत स्थित सोनपा गांव में मां कामाख्या स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ शानदार समापन हुआ। फाइनल मैच में रॉयल फुटबॉल क्लब, खरगपुरा ने उत्तर प्रदेश के कुर्रा की टीम को टाइब्रेकर में 3-2 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। बारिश के कारण बीच में खेल कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, लेकिन खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों के जोश में कोई कमी नहीं आई।
प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव तथा जिला परिषद सदस्य पूजा देवी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बक्सर होमगार्ड एसोसिएशन के सचिव आनंद पहलवान ने की। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। इसके बाद मैच का फैसला टाइब्रेकर से हुआ, जिसमें खरगपुरा की टीम ने 3-2 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच का सफल संचालन रेफरी नीलू खरवार ने किया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीम को अतिथियों द्वारा शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. मनोज कुमार यादव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करता है तथा युवाओं को नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने सोनपा पंचायत में खेल मैदान के अभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इतना बड़ा क्षेत्र होने के बावजूद आज तक यहां समुचित खेल मैदान उपलब्ध नहीं हो सका है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और सुविधाओं के अभाव में अनेक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को सही मंच नहीं दे पाते। डॉ. यादव ने सरकार और जनप्रतिनिधियों से गांवों में खेल मैदान, स्टेडियम और आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।
उन्होंने मां कामाख्या स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में बसपा प्रखंड अध्यक्ष विजय राम, मुकेश यादव, अखिलेश यादव, पिंटू यादव, धर्मेंद्र, फैयाज, सुनील यादव, उज्जवल कुमार, शशि मोहन कुमार, शमीम साईं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में उत्साह का माहौल बना रहा और फाइनल मुकाबले ने खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया।





