OTHERS

धनसोई को शीघ्र प्रखंड घोषित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के राजपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित धनसोई को नवीन प्रखंड घोषित किए जाने की वर्षों पुरानी जन-आकांक्षा को लेकर बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी को एक विस्तृत ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में धनसोई की भौगोलिक, प्रशासनिक, सामाजिक एवं आर्थिक आवश्यकताओं का उल्लेख करते हुए इसे शीघ्र प्रखंड का दर्जा प्रदान करने का आग्रह किया गया।

 

ज्ञापन में कहा गया है कि धनसोई पिछले लगभग तीन दशकों से प्रखंड बनाए जाने की प्रतीक्षा कर रहा है। यह क्षेत्र राजपुर विधानसभा का प्रमुख व्यावसायिक एवं सामाजिक केंद्र होने के साथ-साथ प्रशासनिक दृष्टि से भी पूर्णतः उपयुक्त है। इसके बावजूद आज तक यहां के लाखों लोगों को आवश्यक सरकारी कार्यों के लिए लगभग 25 किलोमीटर दूर राजपुर प्रखंड मुख्यालय जाना पड़ता है, जिससे समय, धन एवं श्रम की अनावश्यक हानि होती है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि धनसोई को प्रखंड बनाने की मांग नई नहीं है। पूर्व में विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं तत्कालीन मुख्यमंत्रियों द्वारा भी इस मांग का समर्थन किया जा चुका है। वर्तमान समय में राजपुर एवं इटाढ़ी प्रखंड के कार्यभार को देखते हुए धनसोई को नवीन प्रखंड घोषित करना प्रशासनिक दृष्टि से भी आवश्यक है। प्रस्तावित प्रखंड के अंतर्गत राजपुर एवं इटाढ़ी प्रखंड की कुल 12 पंचायतों को शामिल करने का सुझाव दिया गया है।

 

ज्ञापन में मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि प्रशासनिक विकेंद्रीकरण, सुशासन तथा क्षेत्रीय संतुलित विकास की भावना को ध्यान में रखते हुए धनसोई को शीघ्र नवीन प्रखंड घोषित किया जाए, ताकि क्षेत्र की लाखों ग्रामीण आबादी को सरकारी सेवाओं का लाभ उनके निकट उपलब्ध हो सके और क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास को नई गति मिले। यह ज्ञापन अरविन्द कुमार पासवान, जिला मंत्री, भाजपा, बक्सर एवं सदस्य, जिला बीससूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति, बक्सर द्वारा प्रेषित किया गया। इस मांग का समर्थन शिवा नारायण उपाध्याय, प्रदेश मीडिया सह-संयोजक, भाजपा, बिहार तथा सोनू कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष, भाजपा युवा मोर्चा, बक्सर ने भी किया। तीनों नेताओं ने संयुक्त रूप से विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी धनसोई की लंबे समय से लंबित एवं न्यायोचित मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र की लाखों जनता को बड़ी सौगात देंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button