बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए रेलवे का बड़ा इंतजाम, बक्सर से दानापुर चलेगी स्पेशल ट्रेन
13 परीक्षा केंद्रों पर 5,400 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, दोपहर 2:30 बजे बक्सर से रवाना होगी विशेष ट्रेन; स्टेशन पर हेल्प डेस्क, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षार्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बक्सर से दानापुर के लिए एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन रविवार, 28 जून को दोपहर 2:30 बजे बक्सर रेलवे स्टेशन से दानापुर के लिए रवाना होगी।
रेल यातायात निरीक्षक विंध्याचल पांडेय ने बताया कि बिहार आरक्षी चयन परीक्षा के तहत बक्सर जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 5,400 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा समाप्त होते ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के स्टेशन पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यह विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
स्टेशन पर रहेगा स्पेशल सहायता केंद्र
रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बक्सर रेलवे स्टेशन पर विशेष सहायता केंद्र (हेल्प डेस्क) स्थापित करने की व्यवस्था की है। यहां रेलवे कर्मी अभ्यर्थियों को ट्रेन, प्लेटफॉर्म और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
परीक्षा के दिन स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारी एवं जवानों के साथ-साथ जीआरपी के पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। भीड़ नियंत्रण के लिए रेलवे के अधिकारी स्वयं मौजूद रहेंगे और स्टेशन पर लगातार माइकिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश प्रसारित किए जाएंगे।
समय से पहले स्टेशन पहुंचने की अपील
रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों और आम यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचें तथा विशेष ट्रेन का अधिकतम लाभ उठाएं। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। रेलवे का मानना है कि इस विशेष व्यवस्था से परीक्षा के बाद स्टेशन पर भीड़ का दबाव कम होगा और अभ्यर्थियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





