चौसा में भीषण अग्निकांड में गौशाला जलकर राख, तीन गाय, एक भैंस व दो बकरियों की मौत, लाखों की क्षति
पशुपालन पर निर्भर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, उप चेयरमैन प्रतिनिधि विकास राज ने मौके पर पहुंचकर कराया राहत-बचाव, सरकारी मुआवजे की मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शनिवार को नगर पंचायत चौसा क्षेत्र के वार्ड संख्या-13 स्थित अखौरीपुर गोला में एक भीषण अग्निकांड ने स्थानीय निवासी रामेश्वर सिंह के परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। उनके घर के समीप स्थित गौशाला में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से तीन गाय, एक भैंस और दो बकरियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य मवेशी गंभीर रूप से झुलस गए। इस भीषण अग्निकांड में गौशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे पीड़ित परिवार को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत चौसा के उप चेयरमैन प्रतिनिधि विकास राज तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही संबंधित विभागों को तत्काल सूचित कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। विकास राज ने बिना देर किए मुफस्सिल थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी चौसा, पशु चिकित्सा पदाधिकारी तथा 101 अग्निशमन सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, अग्निशमन दल एवं पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया तथा अन्य मवेशियों को सुरक्षित निकालकर उनका उपचार शुरू कराया गया। निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि रामेश्वर सिंह का परिवार मुख्य रूप से पशुपालन और दूध विक्रय पर ही निर्भर है। इस अग्निकांड में उनके जीवन-यापन का प्रमुख साधन समाप्त हो जाने से परिवार गहरे सदमे और आर्थिक संकट में है।
इस संबंध में विकास राज ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर पीड़ित परिवार को सरकार की आपदा राहत एवं मुआवजा योजना के तहत शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने प्रशासन से आवश्यक प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग करते हुए भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे। विकास राज ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। रामेश्वर सिंह का परिवार पूरी तरह पशुपालन पर निर्भर था और इस अग्निकांड में उनकी वर्षों की मेहनत पल भर में नष्ट हो गई। हमारी प्राथमिकता है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी सहायता, उचित मुआवजा एवं हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए। नगर पंचायत एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर हम हर स्तर पर उनके साथ खड़े रहेंगे। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग किया तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।





