OTHERS

हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव पर संघ की शाखाओं में गूंजा छत्रपति शिवाजी महाराज का गौरवगान, स्वयंसेवकों ने याद किया राज्याभिषेक का स्वर्णिम इतिहास

बक्सर में विभिन्न शाखाओं पर आयोजित हुए विशेष कार्यक्रम, वक्ताओं ने शिवाजी महाराज के राष्ट्रनिर्माण, स्वाभिमान और संगठन शक्ति पर डाला प्रकाश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विभिन्न शाखाओं में रविवार प्रातःकाल हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। संघ के छह प्रमुख उत्सवों में शामिल इस विशेष अवसर पर स्वयंसेवकों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक को स्मरण करते हुए उनके राष्ट्र निर्माण, स्वाभिमान, संगठन शक्ति और आदर्श शासन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की।

 

शहर के विभिन्न स्थानों पर लगने वाली शाखाओं में अलग-अलग समय पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। पानी टंकी स्थित केशव प्रौढ़ व्यवसायी शाखा में जिला कार्यवाह चंदन प्रकाश ने हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं गोलंबर शाखा का कार्यक्रम शिवपुरी स्थित आनंद उत्सव वाटिका में आयोजित हुआ, जहां नगर के श्रमिक कार्य प्रमुख एवं संघ शिक्षा वर्ग “द्वितीय” प्रशिक्षित गौरव कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। इसके अलावा सिविल लाइन स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित माधव संयुक्त विद्यार्थी शाखा में नगर कार्यवाह अभिजीत कुमार ने विषय की विस्तार से जानकारी दी।

 

वक्ताओं ने बताया कि ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी के दिन छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ था। उन्होंने विदेशी और मुगल सत्ता के विरुद्ध संघर्ष कर हिन्दवी स्वराज्य की स्थापना की, जो भारतीय इतिहास में स्वाभिमान, स्वतंत्रता और सुशासन का प्रतीक माना जाता है। वक्ताओं ने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन समाज को संगठन, राष्ट्रभक्ति, साहस और आत्मसम्मान का संदेश देता है तथा आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने हिन्दू साम्राज्य दिनोत्सव की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस दिन को भारतीय इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में स्मरण किया जाना चाहिए तथा नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर अरविंद सिंह, विकास मिश्रा, विंध्यवासिनी मिश्रा, मोहन वर्मा, अवधेश पांडेय, राधेश्याम प्रजापति, मार्कण्डेय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, गुप्तेश्वर केशरी, अवनींद्र कुमार, निशांत उपाध्याय, दिनेश उपाध्याय, सोनू वर्मा, संजय गुप्ता, रजनीकांत पांडेय, अविनाश कुमार, रामनारायण जी, देवेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button