बक्सर इग्नू परीक्षा केंद्र के औचक निरीक्षण में 5 परीक्षार्थी कदाचार करते पकड़े गए, परीक्षा से निष्कासित
महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर डेप्युटी रजिस्ट्रार जे. पी. ओझा ने किया निरीक्षण, केंद्र अधीक्षक डॉ. रास बिहारी शर्मा बोले- शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में जारी है जून 2026 सत्रांत परीक्षा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर के महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय स्थित इग्नू (इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय) परीक्षा केंद्र पर जून 2026 सत्रांत परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संचालित की जा रही है। इसी क्रम में इग्नू रीजनल सेंटर, पटना के डेप्युटी रजिस्ट्रार जे. पी. ओझा ने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान द्वितीय पाली की परीक्षा में पाँच परीक्षार्थी कदाचार करते हुए पकड़े गए। परीक्षा नियमावली के अनुसार तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद परीक्षा केंद्र पर अनुशासन और सतर्कता का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला। केंद्र अधीक्षक सह समन्वयक डॉ. रास बिहारी शर्मा ने बताया कि उक्त घटना को छोड़कर शेष सभी परीक्षाएँ पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुईं। उन्होंने कहा कि जून 2026 की सत्रांत परीक्षाएँ प्रतिदिन सोमवार से शनिवार तक दो पालियों में आयोजित की जा रही हैं और परीक्षा संचालन में सभी वीक्षकों एवं कर्मियों का सहयोग सराहनीय रहा है।
डॉ. शर्मा ने परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे परीक्षा के दौरान अनुशासन एवं विश्वविद्यालय के सभी नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार के कदाचार से दूर रहें। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा एवं निगरानी की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे परीक्षाएँ बिना किसी व्यवधान के सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि इग्नू प्रशासन परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





