बक्सर रेलवे स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, मैजिस्ट्रेट कैंप कोर्ट में 87 यात्री पकड़े गए, 53,800 रुपये जुर्माना वसूला गया
महिला व दिव्यांग कोच में अवैध यात्रा, ट्रैक क्रॉसिंग, चैन पुलिंग, नो पार्किंग और अवैध वेंडिंग के खिलाफ चला विशेष अभियान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मंगलवार को बक्सर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा मैजिस्ट्रेट कैंप कोर्ट के दौरान व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान में रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों एवं अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 87 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
RPF की टीम ने महिला कोच एवं दिव्यांग कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वालों के साथ-साथ रेलवे ट्रैक को अवैध रूप से पार करने (ट्रेस पास), नो पार्किंग क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने, बिना कारण आपातकालीन चैन पुलिंग (ACP) करने, अवैध वेंडिंग तथा बिना वैध अनुमति AC कोच में यात्रा करने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पकड़े गए सभी 87 आरोपियों को नियमानुसार मैजिस्ट्रेट कैंप कोर्ट में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने रेलवे अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत सभी मामलों की सुनवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों से कुल 53,800 रुपये का जुर्माना वसूला।
RPF अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसर में यात्रियों की सुरक्षा, व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे केवल निर्धारित कोच में ही यात्रा करें, रेलवे ट्रैक पार करने जैसी खतरनाक गतिविधियों से बचें तथा रेलवे के सभी नियमों का पालन करें, ताकि सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित की जा सके।





