OTHERS

आत्मदाह के उद्देश्य से पहुंचे जिला परिषद सदस्य राजीव यादव गिरफ्तार, सामान्य बैठक में हंगामा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जिला परिषद की सामान्य बैठक शनिवार को उस समय विवादों में घिर गई जब नवानगर के जिला परिषद सदस्य राजीव यादव आत्मदाह के उद्देश्य से बैठक स्थल पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

 

बताया जाता है कि जिला परिषद् सदस्यों द्वारा अपनी मांगो को लेकर पिछले कई महीनों से धरना प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जा रहा था। राजीव यादव का आरोप है कि लगातार विरोध के बावजूद कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा हम लोगों की समस्याओं और मांगों पर कोई सुनवाई नहीं की गई। इसी से नाराज होकर उन्होंने सामान्य बैठक के दौरान आत्मदाह का कदम उठाने का निर्णय लिया। राजीव यादव की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बैठक में मौजूद अन्य जिला परिषद सदस्यों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों की बातों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

 

कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने जिला परिषद की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के बीच इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button