इटाढ़ी आरओबी क्षतिग्रस्त होने पर जनशक्ति जनता दल का सरकार पर हमला, कहा– भ्रष्टाचार और लापरवाही का नतीजा
जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह यादव ने उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई और क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत की मांग उठाई


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। जनशक्ति जनता दल ने इस घटना को लेकर बिहार सरकार, निर्माण एजेंसियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह यादव ने इसे भ्रष्टाचार, प्रशासनिक लापरवाही और घटिया निर्माण कार्य का प्रत्यक्ष उदाहरण बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह यादव ने जारी बयान में कहा कि इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण आम जनता की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए कराया गया था। लेकिन पुल के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। उन्होंने कहा कि जिस पुल पर प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं, उसके क्षतिग्रस्त होने से आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है और गुणवत्ता से समझौता किया गया है। यदि समय रहते इसकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई गई तथा जिम्मेदार अधिकारियों, संवेदकों और संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ऐसी स्थिति में निर्दोष लोगों की जान भी जा सकती है, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभागों की होगी।
दिनेश सिंह यादव ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से बनने वाली विकास परियोजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। लेकिन इटाढ़ी आरओबी की स्थिति यह दर्शाती है कि निर्माण कार्यों की निगरानी में गंभीर कमी रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पुल निर्माण के दौरान गुणवत्ता की जांच किस स्तर पर की गई और यदि जांच हुई तो ऐसी स्थिति कैसे उत्पन्न हुई। जनशक्ति जनता दल ने बिहार सरकार से मांग की है कि इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज की तकनीकी विशेषज्ञों से विस्तृत जांच कराई जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कर आवागमन को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए। पार्टी ने निर्माण कार्य में हुई संभावित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों, संवेदकों और संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो जनशक्ति जनता दल जनता के हित में आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सरकारी धन के दुरुपयोग का मुद्दा किसी भी कीमत पर दबने नहीं दिया जाएगा।





