OTHERS

बक्सर जिला परिषद की बैठक में आत्मदाह की चेतावनी, सदस्य राजीव कुमार का बड़ा ऐलान

15वीं वित्त एवं षष्टम वित्त आयोग की लगभग 75 करोड़ रुपये की राशि खर्च नहीं होने और विभागीय कार्यों के भुगतान में छह माह की देरी पर फूटा गुस्सा, डीडीसी को पत्र देकर दी चेतावनी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
बक्सर में जिला परिषद की आगामी सामान्य बैठक से पहले एक बड़ा विवाद सामने आया है। नवानगर क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य राजीव कुमार ने जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को पत्र भेजकर 6 जून को होने वाली सामान्य बैठक में आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।

 

राजीव कुमार ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि पिछले लगभग छह महीनों से 15वीं वित्त आयोग एवं षष्टम वित्त आयोग की योजनाओं के तहत उनके क्षेत्र सहित जिले में कराए गए विभागीय विकास कार्यों का भुगतान लंबित पड़ा हुआ है। इसके साथ ही इन मदों की लगभग 75 करोड़ रुपये की राशि खर्च नहीं होने के कारण जिले में विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भुगतान नहीं होने से योजनाएं अधर में लटकी हुई हैं और जनहित से जुड़े अनेक कार्य बाधित हैं। इसका सीधा असर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर पड़ रहा है। राजीव कुमार का आरोप है कि इस स्थिति के लिए जिला परिषद के संबंधित कर्मचारी एवं पदाधिकारी जिम्मेदार हैं, जिनकी कार्यशैली के कारण विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है।

 

जिला परिषद सदस्य ने कहा कि कई बार इस मुद्दे को प्रशासनिक स्तर पर उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, जिससे जनप्रतिनिधियों और आम लोगों में भारी नाराजगी है। राजीव कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि लंबित भुगतान और विकास कार्यों से जुड़े मामलों का समाधान नहीं किया गया तो वह 6 जून को होने वाली जिला परिषद की सामान्य बैठक में आत्मदाह करेंगे। उन्होंने इसकी लिखित सूचना डीडीसी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी को भी दे दी है। इस चेतावनी के बाद जिला परिषद की सामान्य बैठक को लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें 6 जून की बैठक पर टिकी हैं कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या कदम उठाता है और जिला परिषद सदस्य की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button