OTHERS

बक्सर में मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग टली, किला मैदान की अव्यवस्था बनी वजह

धूल के गुबार और सुरक्षा मानकों में कमी के कारण दो बार प्रयास के बाद भी नहीं उतर सका हेलीकॉप्टर, एयरपोर्ट पर करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग; प्रशासनिक तैयारियों पर उठे गंभीर सवाल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary के बक्सर दौरे के दौरान शनिवार को उस समय प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए, जब उनका हेलीकॉप्टर निर्धारित स्थल किला मैदान में लैंड नहीं कर सका। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम करीब 3:30 बजे किला मैदान में उतरने वाला था, लेकिन मैदान में धूल और अपर्याप्त व्यवस्था के कारण पायलट को दो बार लैंडिंग का प्रयास करने के बावजूद सफलता नहीं मिली।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हेलीकॉप्टर जैसे ही किला मैदान के ऊपर मंडराया, वहां उड़ रही धूल ने दृश्यता को काफी प्रभावित कर दिया। पायलट ने सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए दो बार हेलीकॉप्टर को नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति अनुकूल नहीं होने के कारण लैंडिंग टाल दी गई। इसके बाद हेलीकॉप्टर को बक्सर एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया, जहां इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग विफल होने की खबर मिलते ही जिला प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में मुख्यमंत्री को एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर कई सवाल उठने लगे।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री जैसे वीआईपी दौरे के लिए मैदान की समुचित तैयारी और धूल नियंत्रण की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए थी। वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस घटना को जिला प्रशासन की बड़ी चूक माना जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले पर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटना ने वीआईपी सुरक्षा और सरकारी तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बाद में निर्धारित समय से देरी से शुरू हुआ।

प्रमुख बिंदु
किला मैदान में होनी थी मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग
धूल और अव्यवस्था के कारण दो बार प्रयास विफल
बक्सर एयरपोर्ट पर करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
अधिकारियों में मची अफरा-तफरी
प्रशासनिक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button