OTHERS

होटल मैनेजमेंट प्रवेश परीक्षा में बक्सर डीएवी के आयुष का जलवा

NCHM JEE 2026 में ऑल इंडिया 276वीं रैंक हासिल कर डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र ने बढ़ाया जिले का मान, पेंटिंग में भी हासिल किए 100% अंक

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
DAV Public School Buxar के प्रतिभाशाली छात्र आयुष वाहिनीपति ने नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट संयुक्त प्रवेश परीक्षा (NCHM JEE) 2026 में शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया स्तर पर 276वाँ स्थान प्राप्त किया है। आयुष की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे जिले में खुशी एवं गर्व का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और सहपाठियों ने उन्हें इस उल्लेखनीय सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

 

ज्ञात हो कि NCHM JEE देश की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तरीय परीक्षाओं में शामिल है, जिसका आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा किया जाता है। इस परीक्षा के माध्यम से देश के विभिन्न प्रतिष्ठित होटल मैनेजमेंट संस्थानों में बीएससी हॉस्पिटैलिटी एवं होटल एडमिनिस्ट्रेशन पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाता है। देशभर के हजारों विद्यार्थियों के बीच कठिन प्रतिस्पर्धा में उत्कृष्ट रैंक प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि माना जाता है। आयुष वाहिनीपति ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें लक्ष्य तक पहुँचने में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की। आयुष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय के प्रेरणादायी वातावरण को भी दिया। विद्यालय के प्राचार्य सह प्रक्षेत्र पदाधिकारी एवं शिक्षाविद श्री वाहिनीपति आनंद कुमार ने आयुष की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे बक्सर जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु अनुकूल वातावरण प्रदान करता है। इसी का परिणाम है कि विद्यालय के छात्र लगातार राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि आयुष की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करनी चाहिए। विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि आयुष भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और समाज की सेवा करेंगे। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि आयुष प्रारंभ से ही मेधावी, अनुशासित और जिज्ञासु छात्र रहे हैं। वे पढ़ाई के साथ-साथ सह-पाठयक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं। विशेष बात यह है कि सीबीएसई 12वीं सत्र 2025-26 की परीक्षा में आयुष ने पेंटिंग विषय में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया मेरिट सर्टिफिकेट हेतु अपना स्थान सुनिश्चित किया है। आयुष की सफलता यह सिद्ध करती है कि निरंतर प्रयास और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनके माता-पिता, जो स्वयं प्रतिष्ठित शिक्षाविद हैं, ने विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के सकारात्मक वातावरण ने आयुष के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के बीच आयुष की सफलता को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। छात्र-छात्राओं ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि आयुष आगे चलकर होटल मैनेजमेंट एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर देश, राज्य और जिले का नाम रोशन करेंगे। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष विद्यालय की छात्रा सुश्री त्रिपर्णा जाना ने जेईई मेन्स में 99.3 पर्सेंटाइल प्राप्त कर जेईई एडवांस के लिए क्वालीफाई किया है तथा आईआईटी में प्रवेश के लिए मजबूत दावेदारी पेश की है। विद्यालय के छात्र लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर रहे हैं। आयुष वाहिनीपति की उपलब्धि विद्यालय के गौरवशाली इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय के रूप में जुड़ गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button