दिवाकर पाठक ने कहा -बिहार सरकार का वादा फेल, युवा और मजदूर बेहाल
नव निर्वाचित बिहार सरकार को जन सुराज पार्टी के लोकसभा प्रभारी ने घेरा


न्यूज विजन। बक्सर
बिहार की नव निर्वाचित सरकार ने अपने 6 महीने के कार्यकाल में युवाओं, महिलाओं और मजदूरों के साथ विश्वासघात किया है। एनडीए सरकार ने चुनाव के समय जनता से जो बड़े-बड़े वाद किया वह जमीन पर कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। सरकार ने 5 साल में 1 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। इसका मतलब था। उनके अनुसार प्रतिदिन लगभग 5476 युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए था। सरकार बनने के 6 महीने बाद तक लगभग 9.85 लाख नौकरियां मिल जानी चाहिए थी, लेकिन आज भी बिहार का युवा बेरोजगारी और पलायन के लिए मजबूर हैं।
उक्त बातें जन सुराज के लोकसभा प्रभारी दिवाकर पाठक ने पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि बिहार में केवल 25% मजदूरों को राज्य में काम मिल पा रहा है, जबकि 71% मजदूर रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने बीपीएससी टीआरई-4 भर्ती का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने छात्रों के साथ छल किया। चुनाव से पहले नोटिफिकेशन जारी करने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं हुई। आंदोलन कर रहे हजारों छात्रों पर केस दर्ज कर सरकार ने युवाओं की आवाज दबाने का काम कर रही है।
उन्होंने नीट छात्रा हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मामले में समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण आरोपियों को जमानत मिलना बिहार सरकार की बड़ी विफलता है। उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी बिहार की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और जनता के साथ कहीं भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। 20 मई 2026 से “बिहार नवनिर्माण अभियान” के नए चरण की शुरुआत हो गई है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहटा स्थित बिहार नवनिर्माण आश्रम में रहकर बिहारभर में संगठन और जनसंवाद को मजबूत करेंगे।





