30 बिहार बटालियन एनसीसी का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू, 550 कैडेट ले रहे सैन्य प्रशिक्षण
कर्नल हेमंत कुमार बेलवाल के नेतृत्व में डीएवी एवं फाउंडेशन स्कूल, बक्सर में संयुक्त शिविर का आगाज, कैडेटों को दी जा रही फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट और फायरिंग की विशेष ट्रेनिंग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
30 बिहार बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का औपचारिक शुभारंभ मंगलवार को डीएवी एवं फाउंडेशन स्कूल, बक्सर में संयुक्त रूप से किया गया। शिविर का संचालन कर्नल हेमंत कुमार बेलवाल के कुशल नेतृत्व में किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण शिविर में जिले सहित विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के कुल 550 छात्र-छात्राएँ भाग ले रहे हैं।
शिविर का शुभारंभ कर्नल हेमंत कुमार बेलवाल के प्रेरणादायी उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कैडेटों को प्रशिक्षण के नियम, अनुशासन, सैन्य गतिविधियों और शिविर की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और आत्मविश्वास विकसित करना है। प्रशिक्षण शिविर में शामिल कैडेटों को चार अलग-अलग कंपनियों में विभाजित किया गया है। साथ ही थल सेना कैंप की तैयारी के लिए अन्य बटालियनों के कैडेट भी इस शिविर में शामिल हो रहे हैं। शिविर में आने वाले सभी कैडेटों का प्रारंभिक बायोमेट्रिक सत्यापन और फोटो शूट किया गया, ताकि प्रशिक्षण की प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी बनी रहे। शिविर के दौरान कैडेटों को फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, मैप रीडिंग और एनसीसी संगठन की संरचना एवं उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षकों द्वारा एनसीसी के तीनों अंगों की स्थापना, उनके महत्व तथा देश सेवा में उनकी भूमिका को विस्तार से समझाया गया।
फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट प्रशिक्षण के अंतर्गत युद्धाभ्यास के नियम, सुरक्षा तकनीक और सैन्य रणनीतियों की बारीकियों से कैडेटों को रूबरू कराया गया। अल्फा कंपनी के कैडेटों को पहले फायरिंग का ड्राई प्रैक्टिस कराया गया, जिसके बाद वास्तविक फायरिंग अभ्यास भी कराया गया। वहीं अन्य कंपनियों के कैडेटों ने ड्रिल अभ्यास में हिस्सा लिया। ड्रिल उस्तादों ने परेड और अनुशासन से जुड़ी सूक्ष्म जानकारियाँ भी साझा कीं। कैडेटों में प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशिक्षण के लिए आउटडोर एवं इनडोर दोनों प्रकार की व्यवस्थाएँ की गई हैं। साथ ही कैडेटों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
इस प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने में सुबेदार मेजर बिपिन कुमार भास्कर, सुबेदार महेश प्रसाद, सुबेदार अरविंद कुमार सिंह, सुबेदार मुकेश राय, नायब सुबेदार वरुण कुमार, एएनओ डॉ. अमृता सिंह, डॉ. संजय रंजन सिन्हा, राम तीर्थ दास, अभयानंद प्रजापति, हेड क्लर्क नरेश प्रसाद, ट्रेनिंग क्लर्क कौशलेन्द्र कुमार, अकाउंट क्लर्क संजय कुमार सहित सभी पीआई स्टाफ एवं 30 बिहार बटालियन एनसीसी के सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही।





