OTHERS

“मेरा वार्ड, मेरी जिम्मेदारी” अभियान के तहत वार्ड 21 में चला स्वच्छता अभियान, डीएम ऑफिस तालाब परिसर में जुटे नागरिक

वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में युवाओं, महिलाओं और वार्डवासियों ने लिया स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखने का संकल्प

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर में “मेरा वार्ड, मेरी जिम्मेदारी — स्वच्छ वार्ड, सुंदर वार्ड” अभियान के तहत नगर परिषद के वार्ड संख्या 21 के पार्षद प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में वार्डवासियों द्वारा रविवार को डीएम ऑफिस स्थित तालाब परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

इस दौरान सभी लोगों ने मिलकर तालाब परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। अभियान के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता शपथ लेते हुए अपने घर, मोहल्ले और आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प दोहराया। स्थानीय लोगों ने बताया कि तालाब के पुनरुद्धार के बाद यह स्थल अब लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है। सुबह-शाम टहलने, बैठने और सुकून के कुछ पल बिताने के लिए यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। तालाब परिसर की दीवारों पर बनाई गई आकर्षक चित्रकारी इसकी सुंदरता को और अधिक रमणीय बना रही है। साथ ही ये चित्र स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक चेतना का संदेश भी दे रहे हैं।

 

अभियान के दौरान पार्षद प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब तक आम लोग इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित नहीं करेंगे, तब तक स्वच्छ और स्वस्थ समाज की परिकल्पना पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने सभी वार्डवासियों से नियमित रूप से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में अभियान में शामिल सभी सम्मानित वार्डवासियों, युवाओं एवं महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। लोगों ने भरोसा दिलाया कि वे आगे भी इसी तरह जनभागीदारी के माध्यम से अपने वार्ड को स्वच्छ, सुंदर और जागरूक बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button