OTHERS

आज सजेगी सुरों की महफिल, ‘नाद अर्चना – संगीत बैठक’ को लेकर कला प्रेमियों में उत्साह 

गोयल धर्मशाला में बजेगी सितार की तान, शास्त्रीय संगीत और भरतनाट्यम नृत्य का होगा संगम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
कला एवं साहित्य की अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की बक्सर जिला इकाई के तत्वावधान में आज “नाद अर्चना – संगीत बैठक” का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिले के संगीत एवं कला प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाध्यक्ष डॉ. मेजर पी.के. पांडेय की अध्यक्षता में तैयारी समिति की बैठक भी आयोजित की गई।

 

यह सांस्कृतिक कार्यक्रम शहर के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित गोयल धर्मशाला के वातानुकूलित हॉल में दोपहर 2:45 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन में बिहार एवं उत्तर प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम में पटना की प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना आद्या सिन्हा शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति देंगी। वहीं बनारस घराने के सितार वादक कृष्णा मिश्रा एवं तबला वादक प्रशांत मिश्रा शास्त्रीय संगीत की जुगलबंदी प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा बिहार के चर्चित ग़जल गायक राघवेंद्र पांडेय अपनी गायकी से समां बांधेंगे।

 

जिलाध्यक्ष डॉ. मेजर पी.के. पांडेय ने जिले के संगीत एवं कला प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य शास्त्रीय नृत्य, संगीत एवं गायन जैसी भारतीय सांस्कृतिक विधाओं से समाज को जोड़ना है। साथ ही आने वाले दिनों में जिले के नवोदित कलाकारों को संस्कार भारती के माध्यम से उचित मंच प्रदान कर गीत-संगीत की परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button